यूपी के कन्नौज जिले में बुधवार को भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पत्नी समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।
यह घटना सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के शरीफापुर की है। यहां किशन लाल (32) पत्नी पूजा (30) व साले विजेंद्र (18) के साथ बाइक से वापस औरैया जा रहे थे कि तभी शरीफापुर गांव के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही किशन की मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी पूजा व साले मुन्नू गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी होते ही किशन लाल के परिवार में कोहराम मच गया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने तत्काल घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। औरैया निवासी किशन लाल की आसकरन पुरवा सादर कोतवाली में ससुराल है।