फतेहपुर जिले में जाफरगंज से कानपुर के घाटमपुर जा रही प्राइवेट बस बुधवार सुबह 10 बजे चांदपुर थाना क्षेत्र के मदरी गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना के बाद चीख पुकार मच गई। बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
26 यात्रियों में 12 घायल हुए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। हालांकि उनकी भी हालत ठीक है। बस दलदल में फंस गई थी। क्रेन और जेसीबी की सहायता से बस को निकालने में करीब छह घंटे लग गए। हादसा सामने से आ रही बोलेरो से भिड़ंत बचाने में हुआ।
बस जाफरगंज से सुबह करीब साढ़े नौ बजे यात्रियों को लेकर निकली थी, जहानाबाद से होते हुए घाटमपुर जा रही थी। मदरी के पास अमौली की ओर जा रही बोलेरो बस के सामने पहुंच गई। बस चालक ने तेज ब्रेक मारा।
हल्की बारिश के कारण बस अनियंत्रित हो गई और खंती में पलट गई। दलदल में बस के जाने से यात्रियों को चोट कम आई। एक दूसरे से और सीटों में टकराने से ही लोग घायल हुए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद फंसे घायलों को बाहर निकाला।
हादसे में लक्ष्मी (50) पुत्र स्वर्गीय सुरेश निवासी सुनार गली पुखरायां कानपुर देहात, बछराज सिंह(63) पुत्र शिव गोविंद सिंह निवासी भिखनीपुर थाना चांदपुर, सावित्री (45) पत्नी छोटेलाल, प्रशांत (2) पुत्र रमेश, कुंती (60) पत्नी मोतीलाल, निवासी वेदा घाटमपुर कानपुर, शांत (5) पुत्र सुरेश, पारूल (1) पुत्री राजेश निवासी पुखरायां, प्रीती (28) पत्नी आलोक कुमार निवासी जाफरगंज, सलोनी (16) पुत्री प्रमोद निवासी मकरंदीपुर चांदपुर, घाटमपुर बंगला परास के महरूफ की पत्नी गीता देवी (45), बेटी सलोनी (14), बेटा ज्ञानू (10) घायल हुए। घायलों में लक्ष्मी, सावित्री, बछराज, प्रशांत को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। थानाध्यक्ष डीडी सिंह ने बताया कि सीएचसी में डाक्टर ने घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद घर जाने दिया है।