उत्तर प्रदेश के फर्रूखाबाद में हरिद्वार से कन्नौज जा रही तीर्थयात्रियों से भरी निजी बस क्षेत्र के गांव अलीगढ़ के पास मंगलवार सुबह सवा छह बजे सड़क किनारे खड़े बिजली के खंभे से टकराकर खाई में पलट गई। बस पलटने से चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कई एंबुलेंस से घायलों को सरकारी अस्पताल भिजवाया गया।
विज्ञापन
नौ घायलों को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। दुर्घटना में 30 लोग चुटहिल हुए हैं। मंगलवार सुबह करीब सवा छह बजे हरिद्वार से तिर्वा (कन्नौज) जा रही तीर्थ यात्रियों से भरी बस के चालक को राजेपुर के गांव अलीगढ़ गांव के पास झपकी आ गई। इससे बस सड़क किनारे बिजली के पोल से टकरा कर खाई में पलट गई। दुर्घटना के बाद यात्रियों में चीख पुकार मच गई।
आसपास के लोग बचाने के लिए पहुंचे। बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। 60 यात्रियों के घायल होने की सूचना मिलते ही जिला मुख्यालय से कई एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। यात्रियों को बाहर निकाला गया।
हादसे में तिर्वा थाने के भूड़पुरवा निवासी ममता (24), दयाराम (50), रामकिशन (50), सत्यवती (60), मेघनाथ (65), दर्शनलाल (65), विमलेश, किरण, नीरज, दयाराम, दर्शन लाल, रानी, रामबेटी, राम कांति, राम कुमारी, रूपेश, हरिओम, गिरीश चंद, रामबाबू, रामप्रकाश, होरीलाल, रामनारायण, इंदरगढ़ थाने के गांव ककरैया के रामप्रकाश, रामकिशन, उदयपुर की नीतू समेत 30 यात्री चुटहिल हो गए। इनका सीएचसी में इलाज किया गया।
डॉ. प्रमित राजपूत ने सात लोगों को ज्यादा चोट होने पर उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। मामूली घायल रामदास, धीरेंद्र यादव, वंशीलाल, उदय चंद, अजय सिंह, राजेश ने बताया कि 8 अप्रैल को गांव से तीर्थयात्रा के लिए निकले थे। सोमवार की शाम सात बजे हरिद्वार से घर के लिए रवाना हुए। चालक बस सही नहीं चला रहा था। कई बार रोका गया। फर्रुखाबाद पहुंचते-पहुंचते चालक को नींद आ गई और बस पलट गई। गनीमत रही कि बड़ा हादसा नहीं हुआ। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है। चालक मौके से फरार हो गया।
यात्रियों को ले गई तिर्वा से आई दूसरी बस
दुर्घटना की सूचना मिलने पर करीब 11 बजे दूसरी बस तिर्वा से यहां पहुंची। उसमें सभी यात्रियों को बैठाकर भेजा गया। लोहिया में भर्ती यात्रियों को भी परिजन बस से घर लेकर चले गए।