इटावा जिले में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत मैनपुरी रोड पर अंडर ब्रिज के नीचे अज्ञात वाहन की चपेट में आने से शनिवार को बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों युवकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतकों के जेब से मिले आधार कार्ड से युवकों की शिनाख्त हुई है। पुलिस के मुताबिक हादसे में जान गवांने वाले दो सगे भाई थे। युवकों के सिर में गंभीर चोट लगने से मौत हुई। युवकों ने हेलमेट पहना होता तो जान बच सकती थी।
थाना प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइन जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मैनपुरी रोड पर बने अंडर ब्रिज के नीचे बाइक सवार तीन युवकों की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों युवकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
युवकों के जेब से मिले आधार कार्ड से शिनाख्त हुई है। मृतक युवकों में दो सगे भाई शिवम और गोविंद है जो भिंड मध्य प्रदेश के रहने वाले थे। इनकी उम्र 22 से 25 वर्ष के बीच है। तीसरे युवक की शिनाख्त अमन पुत्र बाबूराम हिंद पुरम कॉलोनी मैनपुरी जनपद के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों को पुलिस ने सूचना दे दी है। वही हादसे को अंजाम देकर फरार होने वाले अज्ञात वाहन की तलाश में पुलिस टीम जुट गई है। जानकारी के मुताबिक तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर भिंड से मैनपुरी जनपद जा रहे थे।
पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आसपास काफी तलाश करने पर कोई हेलमेट नहीं मिला। डॉक्टरों ने तीनों की हेड इंजरी से मौत बताया है। पुलिस का कहना है कि एक ही बाइक पर तीन सवारी होने की वजह से जरा सी टक्कर में बाइक अनियंत्रित हो गई और इतना बड़ा हादसा हो गया।