शिवराजपुर (कानपुर)। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर क्षेत्र के खेरेश्वर गंगा घाट पर श्रद्धालुओं ने हर-हर गंगे के जयघोष के साथ गंगा में स्नान किया व दंडी आश्रम में पहुंचकर संतों को भोजन करा व दक्षिणा देकर आशीर्वाद प्राप्त किया। रोक के बाद भी बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग गंगा तटों पर पहुंचे।
रविवार को आषाढ़ी पर्व के मौके पर सुबह से ही बड़ी संख्या में देवालयों में पूजा अर्चना और गंगा तट खेरेश्वर पर स्नानार्थियों का पहुंचना शुरू हो गया। जिला प्रशासन द्वारा कोरोना संक्रमण को देखते हुए मंदिरों और गंगा तटों पर भीड़ भगदड़ की मनाही है। पर्व को देखते हुए आषाढ़ मास की पूर्णिमा को गुरु पूर्णिमा कहते हैं इस दिन गुरु की पूजा का विधान है, गुरु पूर्णिमा वर्षा ऋतु के आरंभ में प्रारंभ होती है। वहीं, सरैया घाट पर दंडी आश्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर साधु संतों को गुरु दक्षिणा भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं बिल्हौर के नानामऊ और चौबेपुर के बंदीमाता गंगा तट पर भी बड़ी संख्या में भक्तों पहुंच कर स्नान किया और देवालयों में पूजा अर्चना की।