अपार्टमेंट में तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने सेंट्रल एक्साइज के रिटायर्ड असिस्टेंट कमिश्नर के फ्लैट से बदबू आने पर पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा तो उनका शव बेड पर पड़ा हुआ था।
कानपुर में कल्याणपुर के बालाजी अपार्टमेंट निवासी सेंट्रल एक्साइज से रिटायर्ड असिस्टेंट कमिश्नर की घर में ही संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। शव बेड पर पड़ा मिला। घटना के समय वह घर में अकेले थे। सिक्योरिटी गार्ड की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही परिजनों को घटना की सूचना दी।
विज्ञापन
विकास नगर स्थित बालाजी अपार्टमेंट में रहने वाले योगेंद्र नाथ मिश्रा (60) सेंट्रल एक्साइज डिपार्टमेंट से असिस्टेंट कमिश्नर के पद से रिटायर्ड थे। परिवार में पत्नी नीलम और एक शादीशुदा बेटी परणिका है। योगेंद्र अपनी पत्नी के साथ अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 4-A में रहते थे। घटना के समय उनकी पत्नी बैंगलोर की एक कंपनी में कार्यरत अपनी बेटी के पास गई हुई थीं।
मंगलवार सुबह अपार्टमेंट में तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने उनके फ्लैट से बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा तो उनका शव बेड पर पड़ा हुआ था। पुलिस ने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
भाई दिनेश कुमार मिश्रा को पुलिस के जरिये घटना की जानकारी हुई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कल्याणपुर इंस्पेक्टर वीर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। देखने में शव दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है।