शिवली। रसूलाबाद विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी पूर्व विधायक का रुपये बांटते हुए वीडियो वायरल होने के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। ये कार्रवाई जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर हुई। इसमें 20 अज्ञात भी शामिल हैं।
भोला निवादा गांव में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में 25 जनवरी को पूर्व विधायक सपा प्रत्याशी कमलेश दिवाकर पहुंचे थे। सब इंस्पेक्टर दिग्विजय सिंह ने तहरीर में जिक्र किया है कि सपा प्रत्याशी का रुपये देते वीडियो वायरल हो रहा है। छानबीन में ये सही पाया गया है। सपा प्रत्याशी ने आचार संहिता के साथ ही धारा 144 लागू व कोविड प्रोटोकॉल का भी उल्लंघन किया है। मामले की जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी जेपी सिंह को हुई। उन्होंने पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए। वहीं, प्रत्याशी कमलेश दिवाकर ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि राजनीतिक विरोधी षड्यंत्र कर परेशान कर रहे हैं।
आप प्रत्याशी की पत्नी समेत नौ पर रिपोर्ट
अकबरपुर रनियां से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी विवेश यादव की पत्नी अनीता व समर्थक राधेश्याम, देवेंद्र, रिजवान अली, मदन कुशवाहा, मोहम्मद अतीक समेत नौ 9 अज्ञात पर मैथा चौकी प्रभारी रजनीश कुमार वर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। ये लोग 26 जनवरी को मैथा बाजार में चुनाव को लेकर प्रचार व नारेबाजी कर रहे थे। कोतवाल मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि आचार संहिता उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज की गई है।