मृतक कुशल द्विवेदी का फाइल फोटो। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
सरवनखेड़ा। गजनेर थाना क्षेत्र के सैंथा गांव में सोशल मीडिया पर बहन पर की गई अभद्र पोस्ट से क्षुब्ध होकर बीएससी के छात्र कुशल दुबे (18) ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। टीम को कमरे में सुसाइड नोट मिला है। पिता सुखराम दुबे ने तीन लोगों के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बुधवार शाम कुशल के काफी देर तक बाहर न निकलने पर मां ने आवाज लगाई तो कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। दरवाजा भी अंदर से बंद था। खिड़की से झांक कर देखा तो बेटे का शव फंदे पर लटक रहा था। ये देख मां व बहन जोर जोर से रोने लगीं। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। काफी मशक्कत के बाद दरवाजा न खुलने पर खिड़की तोड़ी गई। साड़ी का फंदा काटकर शव नीचे उतारा गया। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने छानबीन कर साक्ष्य इकट्ठा किए। टीम को सुसाइड नोट मिला है। पिता सुखराम दुबे ने गांव के ही बिट्टी सिंह, भुल्लन सिंह, धुन्नू सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्रभारी निरीक्षक शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। वहीं, बताया कि कुछ दिन पहले कुशल के खिलाफ भी सोशल मीडिया पर अभद्र पोस्ट डालने का मामला दर्ज किया गया था।