कानपुर देहात। अकबरपुर रनियां विधान सभा क्षेत्र में आचार संहिता लागू होने के बाद वॉल पेंटिंग कराने के मामले में चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसमें डेरापुर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख भाजपा नेता के अलावा बसपा से दावेदार शामिल हैं।
वहीं शिवली में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के जिलाध्यक्ष समेत दस के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन की कार्रवाई हुई है। डेरापुर व सिकंदरा में एक-एक व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
रनियां कस्बे में बुधवार को आईटीपीबी जवानों के साथ रूट मार्च के दौरान वॉल पेंटिंग देख सीओ अकबरपुर अरुण कुमार सिंह ने नाराजगी जताई थी। मामले में रनियां चौकी इंचार्ज को कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
बुधवार देर रात चौकी इंचार्ज अनुराग पांडेय ने आम आदमी पार्टी के विवेश यादव, भाजपा से दावेदार पूर्व ब्लॉक प्रमुख विवेक द्विवेदी, अंशु त्रिपाठी, बसपा से दावेदार विनोद पाल पर आचार संहिता उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज कराई है। सिकंदरा विधान सभा क्षेत्र में ङुबकी हसनपुर गांव के श्यामबहादुर शर्मा के घर पर वॉल पेटिंग कराई गई थी। उनके खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
शिवली में मैथा चौकी इंचार्ज रजनीश कुमार की तहरीर पर जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के अकबरपुर रनियां विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी नरेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष देवराज सिंह सेंगर, गारब मैथा के अभय प्रताप, लालपुर शिवराजपुर के बिन्नू सिंह, शिववीर सिंह व चार अज्ञात पर आचार संहिता उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
उक्त लोगों ने बुधवार को कि बैंक ऑफ बड़ौदा बैंक के पास बिना अनुमति के बैठक की थी। कोतवाल मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है। डेरापुर पुलिस ने कांधी गांव निवासी राजेश पायलट पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बिना अनुमति वह मकान में स्लोगन लिखकर एक पार्टी का प्रचार कर रहे थे। कांधी चौकी इंचार्ज पंकज कुमार की तहरीर पर कार्रवाई हुई। एएसपी घनश्याम चौरसिया ने बताया कि आचार संहिता उल्लंघन के मामले में पुलिस को नियमित अभियान चलाकर रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।