कंचौसी। रेलवे ट्रैक मरम्मत कार्य के चलते कंचौसी रेलवे स्टेशन की पूर्वी क्रॉसिंग को गुरुवार से 19 अगस्त तक के लिए बंद किया गया है। पहले दिन ही वाहन सवारों को परेशान होना पड़ा। सुबह आठ बजे के बाद स्लीपर के साथ पटरियों पर कार्यों को शुरू कराया गया। रेल पथ विभाग की टीम ने देर शाम तक मरम्मत का काम किया। इसके कारण कई ट्रेनों को धीमी गति से गुजारा गया।
कंचौसी रेलवे क्रॉसिंग से कानपुर देहात जनपद के रसूलाबाद और औरैया की ओर वाहनों का आवागमन ज्यादा होता हैं। बड़े वाहनों का दबाव ज्यादा है। रेल पथ विभाग की ओर से इस क्रॉसिंग की लाइनों को और ज्यादा मजबूती देने का कार्य गुरुवार से शुरू कराया गया। क्रॉसिंग बंद होने की जानकारी के बाद वाहन से निकलने वाले लोगों को झींझक, परजनी, बिझाई, दिबियापुर व रानेपुर अंडरपाथ से करीब 10 किलो मीटर का चक्कर लगाना पड़ा। मरम्मत कार्य की वजह से अप लाइन की ओर 30 किमी प्रति घंटा के कॉशन का बोर्ड लगाया गया। इस दौरान वंदे भारत, स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस, राजधानी एक्सप्रेस, तेजस एक्सप्रेस, सीमांचल एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस, गोमती एक्सप्रेस, मुरी एक्सप्रेस, नीलांचल, नेताजी एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनें कॉशन से निकलीं। रेलवे क्रासिंग पर आरपीएफ भी मौजूद रही। स्टेशन अधीक्षक शैलेंद्र कुमार ने बताया कि कार्यों को लेकर पूर्व में जिला प्रशासन व पुलिस को अवगत करा दिया गया था। 19 अगस्त के बाद क्रॉसिंग यातायात के लिए खुल सकेगी।। किसी तरह की अव्यवस्था न हो इसे लेकर सतर्कता बरती जा रही है।