यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान शनिवार को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के दौरान दो केंद्रों के दो केंद्र व्यवस्थापक हटा दिए गए हैं। निरीक्षण में एक केंद्र में गड़बड़ी मिली थी तो दूसरे में दो संदिग्ध महिलाएं मिली हैं। डीआईओएस ने बताया कि सुबह हाईस्कूल की परीक्षा में वंदना हायर सेकेंडरी स्कूल गुजैनी में अव्यवस्था मिली।
केंद्र व्यवस्थापक वंदना सिंह से जवाब मांगा गया तो संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाईं। उन्हें हटाकर हरसहाय इंटर कॉलेज के लेक्चरर राजेश श्रीवास्तव को केंद्र की व्यवस्था दी गई है। उधर, शाम की पाली में महर्षि कन्या इंटर कॉलेज बिनगवां में निरीक्षण के दौरान एक कमरे में दो महिलाएं मिलीं।
इनके पास ड्यूटी का आई कार्ड नहीं था। केंद्र व्यवस्थापक सोनी यादव सही जवाब नहीं दे पाईं। इस पर सोनी को हटाकर सत्तीचौरा कॉलेज के प्रवक्ता संजय तिवारी को केंद्र व्यवस्थापक बनाया गया। दोनों महिलाओं पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
विषय विशेषज्ञ निरीक्षक को ड्यूटी से हटाया
बोर्ड परीक्षा की दूसरी पाली में इंटरमीडिएट हिंदी की परीक्षा के दौरान नरेंद्र प्रसाद इंटर कॉलेज दयालपुरवा में विषय विशेषज्ञ (हिंदी विषय की टीचर) कक्ष निरीक्षक संध्या मिश्रा को परीक्षा ड्यूटी से हटाया गया।
गाइड के पन्नों से कर रहे थे नकल, तीन धरे
बीआरडी इंटर कॉलेज बिल्हौर में इंटरमीडिएट की परीक्षा देते तीन छात्रों को नकल करते पकड़ा गया है। डीआईओएस एसएन कनौजिया ने बताया कि हिंदी सेकेंड के पेपर में निरीक्षण के दौरान परीक्षार्थी गाइड के पन्ने रखकर नकल कर रहे थे। उधर, डीआईओएस मोहम्मद इब्राहिम ने पहाड़पुर के एमपी इंटर कॉलेज और दक्षिण क्षेत्र में अर्रा के केडीकेएल कॉलेज में कापियों की गिनती में गड़बड़ी पकड़ी है।