मुखिया अड्डा की एक गली में भरे पानी से निकलते बच्चे।
इटावा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान और आंधी-बारिश को लेकर जारी ऑरेंज अलर्ट का असर रविवार सुबह दिखा। सुबह तेज आंधी के साथ ही जिले के कुछ क्षेत्रों में तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई। मौसम ठंडा होने से लोगों को राहत मिली, लेकिन कई मोहल्लों की गलियों में जलभराव हो गया। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ ही सूरज की तपिश भी असर दिखाने लगी। शाम को बढ़ी उमस ने लोगों को परेशान कर दिया।
मौसम विभाग ने रविवार को आंधी के साथ ओलावृष्टि, बिजली चमकने और तेज हवा (20-30 किमी प्रति घंटा) चलने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। सुबह तेज आंधी के साथ बारिश भी हुई, लगभग डेढ़ घंटे तक हुई बारिश के बाद मौसम साफ हो गया। रविवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
बारिश के बाद दोपहर में हल्की धूप रही और शाम होते-होते फिर से बादलों की आवाजाही शुरू हो गई थी। शाम को हवा थमने से एक बार फिर से लोगों को उमस ने बेहाल किया। सुबह साढ़े छह बजे शुरू हुई बारिश आठ बजे तक चलती रही, इससे शहर के कई मोहल्लों की गलियों में जलभराव की समस्या बन गई।
बारिश के बाद शहर के शिवपुरी शाला, मुखिया अड्डा, ऊसर अड्डा, अड्डा टीला व महेरा फाटक से भरथना रोड पर कई जगह जलभराव की स्थिति बन गई थी। नगर पालिका ईओ विनय कुमार मणि त्रिपाठी ने बताया कि शहर में नाला सफाई का काम पूरा हो गया है। कुछ जगह नालों का निर्माण चल रहा है, इस वजह से जलभराव हो सकता है। अधूरे नालों को पूरा करने के लिए सभी ठेकेदारों को जल्द ही काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।