मझिला थाना क्षेत्र के एक गांव में 13 मई की रात आई बरात बिना दुल्हन के ही वापस चली गई। दूल्हे और उसके परिजनों ने द्रारचार के दौरान मोटर साइकिल और सोने की चेन मांग दी। यह मांग पूरी न होने पर शादी से इनकार कर दिया। मझिला थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी शख्स ने पुलिस से शिकायत की है। बताया कि बेटी की शादी लोनार कोतवाली क्षेत्र के कंजरा निवासी सूरज कुमार के साथ तय थी। 11 फरवरी को तिलक हुआ था।
तिलक में एक लाख रुपये, सोने की अंगूठी व कुछ अन्य सामान भी दिया था। 13 मई को शादी होनी थी। पहले से तय कार्यक्रम के मुताबिक बरात आई। द्वारचार में सूरज, उसके बड़े भाई मधुरपाल, बहन पूजा और छाया बुलट मोटर साइकिल और सोने की चेन की मांग करने लगीं। अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए यह मांग पूरी कर पाने में असमर्थता जताई, तो वर पक्ष के लोग गाली गलौज करने लगे। विवाद की जानकारी पर बड़ी संख्या में ग्रामीण आ गए, तो दूल्हा बिना शादी किए ही बरात समेत वापस चला गया। थानाध्यक्ष सतेंद्र सिंह ने बताया कि दूल्हा समेत चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।