देश की पहली प्राइवेट ट्रेन तेजस एक्सप्रेस के प्रति यात्रियों को लुभाने के लिए हर कोशिश की जा रही है। दिल्ली से लखनऊ वाया कानपुर चलने वाली इस ट्रेन को आईआरसीटीसी चलाएगा। इस ट्रेन के एक घंटे से ज्यादा लेट होने पर यात्रियों को रिफंड करने की योजना है।
हालांकि जानकारी के मुताबिक यह रिफंड कैशबैक के तौर पर नहीं बल्कि भविष्य की यात्राओं में छूट के रूप में मिलेगा। हालांकि तमाम सुविधाओं की खबरों के बीच आम यात्रियों ने सवाल भी उठाए हैं।
..और भी लुभावने वायदे
यात्रियों को और भी लुभाने की तैयारियां हैं। मसलन दो बार खाना देना, फ्री चाय और काफी के लिए वेंडिग मशीन का इंतजाम, सीनियर सिटीजन के लिए 40 प्रतिशत तक डिस्काउंट की तैयारी है। बीमा कंपनियों ने आईआरसीटीसी को यात्रियों को टिकट पर 50 लाख तक का इंश्योरेंस करने का ऑफर दिया है।
सुविधाओं पर सवाल भी उठाने लगे यात्री
- अगर आईआरसीटीसी ट्रेन को एक घंटे लेट होने पर यात्रियों को रिफंड करने का दावा कर रहा है, पर ट्रेन का संचालन तो रेलवे ही करेगा। ड्राइवर, पटरी, सिग्नल समेत पूरा ऑपरेटिंग सिस्टम तो भारतीय रेलवे का ही होगा। इसका मतलब रेलवे अपनी ट्रेनों को समय पर चला सकता है, लेकिन तेजस के लिए ही इतना आत्मविश्वास क्यों दिखा रहा है।
- राजधानी और शताब्दी एक्सप्रेस से कुछ ज्यादा टिकट देकर यात्रा करने वाले यात्री जाहिर तौर पर संपन्न परिवार से होंगे। अन्य ट्रेनों के जनरल और स्लीपर में सफर करने वालों की ट्रेन लेट होने पर रिफंड नहीं मिलेगा। जबकि रिफंड के असली हकदार वही यात्री हैं, जो महंगा सफर नहीं कर सकते हैं।