बिल्हौर (कानपुर)। बुधवार को मकनपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में बच्चा चोर होने के शक में तीन लोगों को ग्रामीणों ने पीट दिया। इनमें नशेबाज युवक, ईंट भट्ठा मजदूर व भिखारी शामिल हैं। इन सभी को ग्रामीणों ने बाद में पुलिस को सौंप दिया। वहीं, पुलिस अफसरों के अनुसार कहीं कोई बच्चा चोरी, लापता और गुमशुदा होने की सूचना अभी तक तहसील क्षेत्र के किसी भी थाने में पंजीकृत नहीं की गई है।
बुधवार को पहली घटना मड़ैया गांव में बच्चों के पास घूम रहे एक नशेबाज युवक के साथ घटित हुई। जब ग्रामीणों ने उससे पूछताछ की तो वह सही जवाब नहीं दे सका और भागने लगा। इससे कुछ युवकों ने उसका पीछा किया, जब संदिग्ध युवक खेतों में गिर पड़ा तब ग्रामीणों ने उसकी जमकर धुनाई कर दी।
दूसरी घटना सिघौली गांव में खेतों पर पशु चरा रहे एक बच्चे के साथ हुई। बच्चे के अनुसार एक संदिग्ध व्यक्ति आया और उसे जबरन बोतल से पानी पीने को कहने लगा। इसी बात को लेकर बच्चे और संदिग्ध युवक में कहासुनी होने लगी। इतने में आसपास खेतों में पशु चरा रहे अन्य युवकों ने संदिग्ध की लाठी-डंडों से पिटाई शुरू कर दी।
तीसरी घटना मकनपुर एक्सप्रेस वे अंडरपास पर भीख मांग रहे भिखारी को कुछ लोगों ने बच्चा चोर कह दिया। देखते ही देखते कई ग्रामीण मौके पर जुट गए और भिखारी को पीटते हुए मकनपुर चौकी ले गए। मकनपुर पुलिस चौकी में लगी भीड़ को देखते हुए सभी संदिग्धों को बिल्हौर कोतवाली भेज दिया गया। दरोगा राकेश गौतम ने बताया कि सोशल मीडिया पर अफवाह के कारण गांव-गांव घूम रहे फटे-पुराने कपड़े पहने मानसिक रोगियों, ईंट भट्ठा श्रमिकों, भिखारियों के साथ मारपीट की सूचनाएं लगातार मिल रही हैं। क्षेत्र में कहीं से भी कोई बच्चा गायब होने की सूचना नहीं है। दरोगा ने लोगों से मारपीट न करने की अपील भी की है और शरारती तत्वों पर जल्द ही कार्रवाई की बात भी कही है।