रसूलाबाद। हरलाल निवादा में बुधवार को दो सगी बहनों की शादी धूमधाम से हुई। दोनों बेटियों की शादी की चिंता को लेकर 29 मई को पिता ने आत्महत्या कर ली थी। इस पर जिला प्रशासन व क्षेत्रीय व्यापारियों ने आगे आकर निर्धारित तिथि में पूरे विधिविधान से दोनों बेटियों की शादी कराई।
हरलाल निवादा गांव में बुधवार को दो सगी बहनों की बरात आई। धूमधाम से शादी के सभी रिवाज निभाए गए। बुधवार शाम बेटियों की शादी में एसडीएम के अलावा कस्बे के व्यापारी व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। एसडीएम ने भोजन व्यवस्था कराने के साथ दोनों बेटियों को उपहार में एलईडी, ड्रेसिंग टेबल, डाइनिंग टेबिल व कूलर भेंट किए।
ईओ संजय पटेल ने कन्याओं को चांदी की तोड़िया व स्टील की टंकी और बर्तन आदि भेंट किए। बेटियों की मां शकुंतला ने बेड और अलमारी दी। चचेरे भाई रामू, बड़े चाचा प्रकाश व रामबाबू आदि ने विवाह में होने वाले अन्य सारे खर्च की जिम्मेदारी निभाई। बेटियों को पिता के न होने का एहसास नहीं होने दिया गया। पलिया बांसखेड़ा के पूर्व प्रधान रजोल मिश्र ने मिठाई की व्यवस्था कराई।
क्षेत्र के लोगों ने बरातियों के स्वागत की जिम्मेदारी निभाई। बता दें दो बेटियों की शादी 30 जून को तय होने जाने के बाद आर्थिक समस्या से जूझ रहे रामबहादुर कुरील (45) ने 29 मई को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसकी जानकारी एसडीएम अंजू वर्मा को हुई। इस पर वह दोनों बेटियों की शादी के लिए आगे आईं। उन्होंने शादी की तैयारियां पहले से ही शुरू करा दी थीं। रात में डीएम जेपी सिंह के शामिल होने की भी चर्चा है।
शासन की तरफ से मिलने वाली अनुदान राशि के 30-30 हजार रुपये कन्याओं के खाते में भेज दिए गए हैं। सामाजिक लोगों के सहयोग से दोनों का विवाह धूमधाम से कराया गया है। - अंजू वर्मा, एसडीएम रसूलाबाद