जहरीली शराब कांड के बाद से सक्रिय पुलिस ने बुधवार को भी छापामारी की। कई जगह दबिश देकर पुलिस ने 690 लीटर कच्ची शराब, 80 लीटर केमिकल, 92 क्वाटर देसी शराब के साथ 30 लोगों को गिरफ्तार किया है।
बिधनू में पुलिस ने परचून दुकानदारों के माध्यम से मंगलवार रात को एकडरिया गांव में हंसराज के घर में दबिश दी। यहां से 80 लीटर केमिकल और 10 क्वाटर देसी शराब के साथ हंसराज और बेहटा गंभीरपुर के नितेश कुमार को दबोच लिया। ये लोग अवैध शराब तैयार कर रहे थे।
नितेश का भाई अखिलेश और संचितपुर गांव का कल्लू भाग निकला। पुलिस के मुताबिक आरोपी पीकेआई और मिस्टर इंडिया नाम से शराब तैयार कर रहे थे। मौके से दोनों ब्रांडों से रैपर व खाली शीशियां बरामद हुई हैं। आरोपियों पर आबकारी एक्ट व मिलावटी शराब बनाने की धारा लगाई गई है।