नहर में गिरी कार व मृतक दंपति की फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के उन्नाव जिले में मंगलवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां होली मनाने घर जा रहे दंपति की बलेनो कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे में बैंक कर्मी सहित पत्नी की मौत हो गयी।
कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र निवासी समरजीत वर्मा पुत्र मुन्नी लाल बैंक ऑफ बड़ौदा में क्लर्क के पद पर तैनात थे। मंगलवार रात वह अपनी पत्नी नेहा के साथ वापस घर जा रहे थे। लखनऊ कानपुर राजमार्ग पर जाम से बचने के लिए उन्होंने मोहनलाल गंज से पुरवा रोड का रुख किया।
अचलगंज थानाक्षेत्र में चपरी स्थित शारदा नहर पुल के पास रात 12 बजे अंधे मोड़ पर उनकी बलेनो कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। दरवाजे न खुलने से दोनों उसी में फंस गए। पीछे से आ रहे एक ट्रक ड्राइवर ने क्लीनर व ग्रामीणों की मदद से उन्हें निकाला लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।