ओडिशा का विकेट गिरने पर खुशी जताते यूपी टीम के खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर। ग्रीनपार्क स्टेडियम में शनिवार से शुरू हुए रणजी ट्रॉफी के दूसरे मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने पहले दिन ही ओडिशा की पूरी टीम को पवेलियन का रास्ता दिखाया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला ओडिशा के लिए उल्टा साबित हुआ।
मेजबान टीम के स्पिनर की तिकड़ी के आगे विपक्षी टीम पहली पारी में 243 रन पर ढेर हो गई। पहले दिन का खेल समाप्त होने तक उप्र ने भी बिना किसी नुकसान के 17 रन बनाए। अभिषेक गोस्वामी छह और माधव कौशिक नौ रन बनाकर मैदान पर डटे हुए हैं।
ग्रीनपार्क स्टेडियम में सुबह शुरू हुए मैच में यूपी के तेज गेंदबाज शिवम मावी ने ओडिशा के सलामी बल्लेबाज स्वास्तिक और विकेटकीपर आशीर्वाद को चार-चार रन पर आर्यन के हाथों कैच कराया। इसके बाद ओडिशा के कप्तान शुभ्रांशु सेनापति (3) को कुनाल त्यागी ने बोल्ड कर टीम को तीसरा बड़ा झटका दिया।
मध्यक्रम के बल्लेबाज संदीप ने 53 और गोविंदा पोद्दार ने 64 रन बनाकर चौथे विकेट के लिए 92 रनों की साझेदारी कर टीम की पारी को संभालने की कोशिश की। इस बीच लेफ्ट आर्म स्पिनर शिवम शर्मा ने संदीप, राजेश धूपर (0) और गोविंदा को आउट कर मेहमान टीम को बड़े झटके दिए।
स्पिनर विप्रज निगम ने सुनील को दो रन और बादल को शून्य रन पर एलबीडब्ल्यू किया। रिंकू सिंह के स्थान पर टीम में शामिल किए गए स्पिनर प्रशांतवीर ने राजेश मोहंती को 48 रन और सुमित शर्मा को एक रन पर पवेलियन भेजा। ओडिशा की ओर से संबित 59 रन बनाकर नाबाद रहे। अब रविवार को यूपी टीम का लक्ष्य शेष रन बनाने के बाद ओडिशा टीम को बड़ी लीड देना रहेगा।