Kanpur News: पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शुक्रवार को वंदेभारत एक्सप्रेस से अयोध्या जा रहे थे। इस बीच ट्रेन कानपुर पहुंची, तो उन्होंने रेलवे अधिकारियों और परिचितों से मुलाकात की।
कानपुर स्टेशन और प्लेटफार्म नंबर सात बदला-बदला सा दिख रहा है। लंबे अरसे बाद आम यात्रियों की तरह ट्रेन में सफर करने का काफी सुखद अनुभव है। ये बातें पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शुक्रवार को वंदेभारत एक्सप्रेस से अयोध्या जाते समय कानपुर में रेलवे अधिकारियों और परिचितों से कही।
विज्ञापन
स्टेशन अधीक्षक अनिल तिवारी ने उन्हें स्टेशन पर चल रहे रीडेवलपमेंट कार्य की जानकारी दी। वंदे भारत एक्सप्रेस 10:52 बजे प्लेटफार्म नंबर पांच पर आई। दो मिनट के बाद पूर्व राष्ट्रपति कोच के दरवाजे पर आ गए। उन्होंने प्लेटफार्म पर हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया।
वह परिवार समेत आनंद विहार टर्मिनल से अयोध्या जा रहे थे। कानपुर के विकास को लेकर उन्होंने खुशी जाहिर की। इस दौरान एसीएम कानपुर सेंट्रल संतोष कुमार त्रिपाठी, स्टेशन आरपीएफ प्रभारी बीपी सिंह, जीआरपी इंस्पेक्टर अनिल शर्मा सहित अन्य रेलवे के स्टाफ मौजूद रहे।