बच्चियों के साथ राजू श्रीवास्तव की फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर में गोविंद नगर डी ब्लॉक निवासी राजेश मिश्रा का कोरोना के चलते पांच मई 2021 को निधन हो गया था। वहीं पत्नी गीता मिश्रा का आठ मई 2021 को कोरोना की चपेट में आने से मौत हो गई थी। जिसके बाद दंपति की बेटियां खुशी (11) व परी (7) अनाथ हो गई थीं। ऐसे में इलाके के प्रेम कुमार पांडेय ने बच्चों की परवरिश करने का बीड़ा उठाया।
उन्होंने यह बात राजू श्रीवास्तव को बताई। प्रेम कुमार ने बताया कि अप्रैल में राजू ने दोनों बच्चियों मुंबई लाने को कहा। वहां पर उन्होंने बच्चों से बात की और नए कपड़े उपहार में दिए। इसके बाद राजू ने दोनों की पढ़ाई का खर्च और उनकी पूरी परवरिश की जिम्मेदारी स्वयं ली।
राजू हर माह बच्चियों की मदद करते थे। इसके अलावा समय-समय पर बात कर उनके हालचाल भी जाना करते थे। जब खुशी व परी को पता चला कि राजू श्रीवास्तव अब इस दुनिया में नहीं रहें तो दोनों बच्चियां फूट-फूटकर रोने लगीं। दोनों उन्हें राजू अंकल कह कर बुलाती थीं। वहीं बच्चियों को रोता देख प्रेम कुमार भी खुद को नहीं रोक सके। प्रेम कुमार ने बताया कि जब कभी राजू भाई शहर आए तो इन बच्चियों के बारे में जरूर जानकारी लेते थे।