कानपुर। यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन का आखिरी लीग मुकाबला भी बारिश की भेंट चढ़ गया। ग्रीनपार्क में मंगलवार रात कानपुर सुपरस्टार और गोरखपुर लॉयंस के बीच टॉस तक नहीं हो सका। दोनों टीमों को एक-एक अंक दे दिए।
मैच रद्द होने से टूर्नामेंट पर कोई खास असर नहीं पड़ा। दोनों ही टीमें प्लेऑफ से बाहर हो गई हैं। गोरखपुर लॉयंस 10 मैच में सात अंक हासिल कर पांचवें और कानपुर सुपरस्टार पांच अंक के साथ छठे स्थान पर रही। मैच नहीं होने के बावजूद ग्रीनपार्क में हजारों दर्शकों का उत्साह कम नहीं हुआ। चेयरमैन डॉ. संजय कपूर और दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मैदान के चारों ओर चक्कर लगाकर दर्शकों का अभिवादन किया। दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। आतिशबाजी कर लीग चरण का समापन हुआ।