कानपुर। शुक्रवार और सोमवार को हुई बारिश के दौरान हुए फॉल्ट और ट्रिपिंग से शहर के 72 से अधिक इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। कई क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को आठ से नौ घंटे तक बिजली संकट झेलना पड़ा जबकि कुछ इलाकों में पांच से छह घंटे तक आपूर्ति प्रभावित रही।
घंटाघर एक्सप्रेस रोड पर सोमवार सुबह ट्रांसफार्मर में खराबी आने से रात आठ बजे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। पशुपतिनगर, श्यामनगर और यशोदानगर के आसपास के क्षेत्रों में भी ट्रांसफार्मर खराब होने से पूरे दिन बिजली नहीं आई। आवास विकास-1 में नौ घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। इसके अलावा कैलाश विहार, कल्याणपुर, अहिरवां, यादवनगर, न्यू शिवली, विकासनगर, गोविंदनगर, पनकी, लाजपतनगर, दर्शनपुरवा, फजलगंज, जरीबचौकी, भन्नापुरवा, हैरिसगंज, जेके कॉलोनी, जाजमऊ, कृष्णानगर, ट्रांसपोर्टनगर, सिंहपुर बिठूर, अवधपुरी और बाबूपुरवा समेत कई इलाकों में बिजली संकट रहा। सूर्य विहार केस्को से जुड़े क्षेत्रों में भी आपूर्ति प्रभावित रही। केस्को के मीडिया प्रभारी देवेंद्र वर्मा ने बताया कि बारिश के कारण कई जगह फॉल्ट की समस्या आई थी। टीमों ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य कराया और बिजली आपूर्ति बहाल की।
पानी के लिए भी परेशान हुए लोग
बिजली गुल रहने से प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को पानी की समस्या का भी सामना करना पड़ा। उपभोक्ताओं ने केस्को के टोल फ्री नंबर 1912 और सबस्टेशनों पर शिकायतें दर्ज कराईं लेकिन निर्धारित समय पर आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
बिजली चोरी वाले इलाकों को चिह्नित करें : एमडी
बारिश के बीच केस्को की प्रबंध निदेशक नेहा जैन ने 33/11 केवी उपकेंद्र पराग डेयरी का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिक लाइन लॉस वाले फीडरों में बिजली चोरी वाले क्षेत्रों को चिह्नित करने के निर्देश दिए। प्रबंध निदेशक ने पराग डेयरी क्षेत्र में मॉडर्नाइजेशन योजना के तहत प्रस्तावित नए 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र के लिए चिह्नित भूमि का भी निरीक्षण किया।