कानपुर शहर और आसपास के इलाकों में मानसून पूरी तरह से सक्रिय बना हुआ है, जिससे अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज लगातार बदलता रहेगा। सुबह और शाम के समय आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, जबकि दिन में धूप खिलने पर तेज उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।
अगले 24 घंटे गरज-चमक के साथ बौछारें, 34 डिग्री तक रहेगा तापमान
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान बादलों की आवाजाही जारी रहेगी और शहर के अलग-अलग हिस्सों में रुक-रुककर तेज बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने के भी पूरे आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
बारिश और उमस से बढ़ा फंगल संक्रमण, हैलट की ओपीडी में उमड़े मरीज
बदलते मौसम और लगातार हो रही बारिश व उमस का सीधा असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। हैलट अस्पताल के त्वचा रोग विभाग की ओपीडी में इन दिनों त्वचा संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीजों की संख्या में भारी इजाफा हुआ है।