अकबरपुर के आघू रोड पर डाले जा रहे सीमेंट के पाइप
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। अकबरपुर के आघू रोड मोहल्ले में जलभराव होता है। नगर पंचायत वैकल्पिक व्यवस्था के तहत यहां सीमेंट के पाइप डलवा रहा है। शनिवार को जेसीबी से खोदाई के दौरान कुछ लोगों ने काम रोक दिया और टीम से अभद्रता की। जानकारी पर ईओ पहुंची और उन्होंने पुलिस को बुलाया। इसके बाद काम शुरू हो सका। ईओ ने काम में बाधा डालने वालों की शिकायत कोतवाली पुलिस से की है।
अकबरपुर के आघू रोड (कन्हैया नगर) में जरा सी बारिश में जल भराव हो जाता है। नाला निर्माण की डीपीआर बनाकर शासन में भेजी गई, लेकिन मंजूरी नहीं मिली। निकाय प्रशासन अब यहां सीमेंट के पाइप डालकर जल निकासी का वैकल्पिक प्रबंध करा रहा है। 15 दिन पूर्व काम शुरू हुआ था। शनिवार को जेसीबी से खोदाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध किया। जेसीबी चालक व मौजूद नगर पंचायत कर्मी से अभद्रता की और काम रोक दिया। सूचना पर ईओ पहुंची।
ईओ ने चौकी प्रभारी को बुलाया। चौकी प्रभारी अनुराग पांडेय पुलिस बल के साथ पहुंचे। इसके बाद काम शुरू हो सका। ईओ देवहूति पांडेय ने बताया कि काम में बाधा डालने वालों की शिकायत कोतवाली में की गई है।