झींझक (कानपुर देहात)। दिल्ली हावड़ा रेल मार्ग पर झींझक रेलवे स्टेशन का आरक्षित टिकट काउंटर सोमवार को खोला गया। पर वेबसाइट न खुलने से आरक्षित टिकटों की बुकिंग नहीं हो सकी। इससे यात्रा पर जाने वाले लोग निराश हुए।
कोरोना महामारी के चलते लॉकडाउन होने से रेलवे टिकट काउंटर बंद कर दिए गए थे। रेलवे के उच्चधिकारियों के निर्देश पर सोमवार को झींझक रेलवे स्टेशन का आरक्षित टिकट काउंटर खोला गया। जिसके चलते लोग सुबह ही टिकट काउंटर पर पहुंच गए। पर टिकट बुकिंग की वेबसाइट नहीं खुली। परजनी के महेंद्र, गौरी के राहुल, झींझक के मोनू, राकेश ने बताया कि स्टेशन का आरक्षित काउंटर खुलने की जानकारी पर रेल टिकट बुक कराने गए थे। पर निराशा हाथ लगी। बुकिंग लिपिक एसके गर्ग ने बताया कि आरक्षित टिकट बुकिंग की वेबसाइट न खुलने से टिकटों की बुकिंग नहीं हो पा रही है। अधिकारियों को अवगत कराया गया है। संभावना है कि वेबसाइट खुलने पर मंगलवार से टिकट बुकिंग चालू होगी।