धर्मनगरी चित्रकूट पहुंचे राहुल गांधी
धर्मनगरी चित्रकूट पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कामतानाथ मंदिर में मत्था टेका। मानसरोवर यात्रा के बाद शिवभक्त हुए राहुल गांधी रामभक्ति में लीन दिखे। चित्रकूट बाईपास स्थित राजौला में राहुल गांधी जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे।
राहुल ने अपने संबोधन में कहा कि एक तरफ मैं बोल रहा था दूसरे तरफ नरेंद्र मोदी। मैनें नरेंद्र मोदी से पूछा आपने एचएएल छीनकर अनिल अंबानी को क्यों दिया। अनिल अंबानी ने दस दिन पहले कंपनी खोली। आपने हिंदुस्तान के युवाओं से रोजगार छीना। आप मुझे बताइये और देश को भी कि एचएएल से काम छीनकर अनिल अंबानी को क्यों दिया। राफेल डील के बारे में नरेंद्र मोदी ने एक शब्द नहीं बोला। मेरे एक सवाल का जवाब नहीं दिया।
राहुल ने कहा कि नरेंद्र मोदी मुझसे आंख भी नहीं मिलाते हैं। साथ ही हिंदुस्तान के यवाओं से भी मोदी आंख नहीं मिला पाते हैं। हिंदुस्तान के चौकीदार ने चोरी कर ली। इसी लिए ट्रेनें खाली हैं, बस खाली है, उनके भाषण में कुर्सी खाली पड़ी हैं। आज किसान नरेंद्र मोदी से नाराज है। सभी उनको झूठा कह रहे हैं। सभी कह रहे नरेंद्र मोदी ने चोरी की है, अनिल अंबानी को पैसा दिया। वही काम मध्यप्रदेश में हो रहा है। शिवराज सिंह चौहान ने दो हजार योजनाएं लॉन्च की। ये जहां जाते हैं नई योजना लॉन्च कर देते हैं।