हवासपुर सीएचसी में कोरोना जांच के लिए नमूना संकलित करते डाक्टर।
- फोटो : AKBARPUR
शिवली (कानपुर देहात)। अपने को कोरोना संदिग्ध मानकर बुधवार सुबह मैथा पीएचसी पहुंची मारग मैथा की एक महिला परिसर में इधर-उधर और दीवारों पर थूकने लगी। महिला की हरकत से डॉक्टरों और मरीजों में हड़कंपमच गया।
मैथा पीएचसी प्रभारी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस आने से पहले महिला घर भाग गई। महिला पुलिस उसे पकड़ कर अस्पताल पहुंची। कोरोना संदिग्ध मानते हुए उसे जिला अस्पताल अकबरपुर के क्वारंटीन सेंटर भेजा गया है।
डॉ. सिद्धार्थ पाठक ने बताया कि महिला के जगह-जगह थूकने की जानकारी पर पुलिस बुलाई गई। महिला घर भाग गई तो चौकी इंचार्ज सीताराम निरंजन महिला पुलिस लेकर गए और उसे पकड़ लाए। यहां से उसे कोरोना संदिग्ध मानकर नमूना लेकर जिला अस्पताल भेज दिया गया।
बाहर से आए नौ लोग क्वारंटीन
झांसी, इंदौर, बंगलुरु व दिल्ली से डेरापुर के चार गांवों में आए सात लोगों को जांच के बाद बारा के क्वारंटीन सेंटर भेजा गया है। शिवली क्षेत्र में गुजरात व मध्यप्रदेश से आए दो लोगों को जिला अस्पताल के क्वारंटीन सेंटर भेजा गया है। कमालपुर गांव में दो युवक झांसी से आए थे। इंदौर से तीन युवक हारामऊ गांव पहुंचे। दिल्ली से दस्तमपुर गांव में एक युवक और एक बंगलुरु से सरगांव बुजुर्ग गांव पहुंचा था। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को दी थी। इसके बाद चिकित्सा अधिकारी सक्रिय हुए। सीएचसी प्रभारी डॉ. अशोक कुमार ने पुलिस की मदद से बाहर से आए सभी लोगों की जांच की। हालांकि जांच में सभी सामान्य मिले, लेकिन सभी को बारा के क्वारंटाइन सेंटर भेजा गया। उधर शिवली के बलुआपुर गांव में गुजरात व मध्यप्रदेश से आए दो युवकों की मैथा पीएचसी में जांच की गई। इन्हें जिला अस्पताल के क्वारंटीन सेंटर भेजा गया है। नागालैंड से असई आए तीन लोगों की सीएचसी शिवली में जांच की गई। प्रभारी डॉ. उमाशंकर वर्मा ने सामान्य पाने पर युवकों को होम क्वारंटीन में रहने की हिदायत कर जाने दिया।
छह लोगों का लिया गया सैंपल
बुधवार को राजस्थान से आए एक ही परिवार के छह लोगों का हवासपुर पीएचसी में नमूना लेकर जांच के लिए कानपुर भेजा गया। इसके अलावा अलग-अलग गांवों में बाहर से लौटे 29 और लोगों की जांच की गई। डॉ. सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि सभी को घर में क्वारंटीन रहने को कहा है। सरवनखेड़ा के दुआरी गांव में दस दिन पहले कानपुर कारागार से छूट कर एक व्यक्ति को बुखार आने पर पंचायत सचिव कीर्ति सिंह ने अफसरों को सूचना दी। इसके बाद गांव पहुंची स्वास्थ्य टीम उसे जिला अस्पताल ले गई। जिला अस्पताल के क्वारंटीन सेंटर में उसे रखा गया है।