लोक निर्माण एवं कृषि मंत्री म ने समीक्षा बैठक में शहर की खस्ताहाल सड़कों पर चिंता जताई और इन्हें ठीक करने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम की कुछ जर्जर सड़कों को भी पीडब्लूडी से बनवाने के निर्देश दिए।
इस तरह की व्यवस्था पहली बार की जा रही है, जब पीडब्लूडी नगर निगम की भी सड़कें बनाएगा। बता दें कि ‘अमर उजाला’ ने शहर की सड़कों की बदहाली का मुद्दा प्रमुखता से उठाया है और अब इस पर शासन भी गंभीर हो गया।
सर्किट हाउस में पीडब्लूडी और सिंचाई विभाग की समीक्षा बैठक में सपा विधायकों ने कैबिनेट मंत्री से कहा कि शहर की तमाम सड़कें जर्जर हैं। इससे सरकार की छवि भी प्रभावित हो रही है।
इस पर कैबिनेट मंत्री ने पीडब्लूडी के अफसरों को निर्देश दिए कि विधायक जिन सड़कों की संस्तुति कर रहे हैं, उन्हें भी बनवाया जाए। यदि उनमें नगर निगम की सड़कें शामिल हों तो उन्हें बनवाने के लिए निगम से एनओसी ले ली जाए।
बदहाल सड़कों की मुहिम अब सरकार तक पहुंची
कानपुर। शहर की जर्जर सड़कों को लेकर चल रही ‘अमर उजाला’ की मुहिम प्रशासन से होते हुए अब शासन तक पहुंच गई है। पहले कमिश्नर ने इस मामले पर एक्शन लिया और गुरुवार को लोक निर्माण एवं कृषि मंत्री शिवपाल सिंह यादव में भी स्मार्टनेस नजर आई।
उन्होंने समीक्षा बैठक में शहर की खस्ताहाल सड़कों को लेकर चिंता जताई और इन्हें ठीक करने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम की कुछ जर्जर सड़कों को भी पीडब्लूडी से बनवाने के निर्देश दिए। इस तरह की व्यवस्था पहली बार की जा रही है, जब पीडब्लूडी नगर निगम से एनओसी लेकर उसकी भी सड़कें बनाएगा।
दरअसल ‘अमर उजाला’ ने शहर में सड़कों की बदहाली पर शिवपाल सिंह की चुप्पी पर निशाना साधा था कि शहर को तो स्मार्ट बनाने की तैयारी है लेकिन मंत्री जी स्मार्ट नहीं हो रहे।
मंत्री जी पिछले दिनों विधान परिषद के सभापति सुखराम सिंह के घर एक कार्यक्रम में आए थे और प्रोटोकाल में समीक्षा बैठक और स्थलीय निरीक्षण का जिक्र था लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया। इसीलिए गुरुवार को उनके आगमन पर ‘अमर उजाला’ ने सवाल उठाया कि मंत्री जी कहीं इस बार भी बिना बैठक किए तो नहीं चले जाएंगे।
खैर, इस बार ऐसा नहीं हुआ। कैबिनेट मंत्री शाम करीब छह बजे सर्किट हाउस पहुंचे। वहां उन्होंने पौने सात बजे तक पार्टी के विधायकों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। बाहर समीक्षा बैठक के लिए इंतजार कर रहे पीडब्लूडी और सिंचाई विभाग के अफसर मान चुके थे कि अब बैठक नहीं होगी, तभी अचानक अफसरों को बुलाकर बैठक शुरू कर दी।
पीडब्लूडी विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान शहर में सड़कों की स्थिति, पैचवर्क के बारे में पूछा। कैबिनेट मंत्री शिवकुमार बेरिया ने झींझक रोड, विधायक इरफान सोलंकी ने ग्वालटोली रोड, विधायक सतीश महाना ने गुबा गार्डेन रोड और विधायक मुनींद्र शुक्ला ने पांडु नदी पर चकरपुर के पास पुल बनवाने की मांग की।
पीडब्लूडी के अधिशासी अभियंता ने ग्वालटोली रोड नगर निगम की होने की बात कही तो कैबिनेट मंत्री ने कहा कि नगर निगम से एनओसी लेकर यह सड़क और इसके दोनों तरफ नालियां बनवाई जाएं। अन्य कार्य भी कराने के निर्देश दिए। शिवपाल सिंह ने कहा कि सड़कों के निर्माण में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।
मंत्री ने सिंचाई विभाग के अफसरों से कहा कि जो नहरें बंद हैं, उनकी सफाई अभी से शुरू करा दी जाए। बैठक में पीडब्लूडी के कार्यवाहक मुख्य अभियंता एसपी सक्सेना, अधिशासी अभियंता केसी वर्मा, सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता कुणाल कुलश्रेष्ठ, लोअर गंगा कैनाल के अधिशासी अभियंता आरएन यादव आदि शामिल रहे।