शीत लहर शुरू होते ही जानलेवा पुकना रोग तेजी से फैल रहा है। महामारी की तरह तेजी से फैलते इस रोग से लोगों में दहशत का माहौल है। हमीरपुर के मौदहा इलाके में 50 से अधिक बकरियाें की मौत हो चुकी है।
जिले के मुटनी गांव की अन्या बकरियां भी इस बीमारी की चपेट में हैं। बकरी पालकों में बीमारी को लेकर दहशत है। अभी तक फिलहाल इनके मरने का क्रम जारी है। पशु चिकित्सा विभाग ने अभी तक इस मामले में बकरियों का इलाज शुरू नहीं किया है।
सर्दी से बचाव न कर पाने व पशुपालन विभाग द्वारा बकरियों का इलाज न करने से बकरियों की मौत का क्रम जारी है। मुटनी गांव निवासी पप्पू की पांच, संता की छह, मुन्ना की आठ, मिश्रा प्रजापति की तीन, जुम्मन की चार, इस्माइल की चार, बबलू की तीन बकरियाें की मौत बीते दिनों हो चुकी है।
पशु चिकित्साधिकारी हेमंत पंचाल ने बताया कि वह लगातार गांवों में टीकाकरण के लिए जा रहे हैं। कुछ बकरियों के मरने की सूचना मिली है, जिन्हें पुकना रोग से ग्रसित बताया गया है। टीका लगाने का प्रयास किया तो कुछ पशुपालकों ने टीका लगवाने से इंकार कर दिया।
जब उन्हें इतनी बड़ी संख्या में बकरियों के मरने की जानकारी दी गई, तो कहा कि इसके लिए शुक्रवार को वह विशेष शिविर लगाएंगे। वहीं, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. विजय कुमार सिंह ने कहा कि पुकना रोग की वजह सर्दी हो सकती है। दूषित चारा और पानी न खिलाएं। कीटाणुनाशक दवाएं खिलाएं।