इटावा के इकदिल थाना क्षेत्र में शौच को गए कक्षा नौ के छात्र को रविवार की सुबह दबोचकर अपने साथ ले जाते एक बच्चा चोर को दबोच कर ग्रामीणों ने जमकर धुना, फिर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। आरोपी ने ग्रामीणों के सामने बच्चों को दस हजार रुपये में बेचने की बात कबूली।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस फिलहाल अन्य कोई जानकारी भी देने से कतरा रही है। एसएसपी संतोष कुमार मिश्रा ने भी थाना पुलिस से जानकारी ली। कल्याणपुर गांव निवासी शंकर सिंह नायक का कक्षा नौ में पढ़ने वाला बेटा पवन (14) सुबह करीब छह बजे खेतों पर शौच के लिए जा रहा था।
इसी बीच धान के खेत से एक युवक निकला और उसने छात्र का मुंह दबाकर उठाने की कोशिश की। युवक की गिरफ्त के बावजूद छात्र ने शोर मचाया। शोर सुनकर बड़ा भाई हुकुम पहुंचा। उसने पुलिस को सूचना देने को जैसे ही मोबाइल निकाला तो आरोपी ने छीनकर खेतों में फेंक दिया।
इस बीच आरोप भागने लगा। हुकुम ने आरोपी को भागते देख शोर मचाया तो खेतों की ओर गए अन्य ग्रामीणों ने दौड़ाकर महातुआ गांव के पास पकड़कर जमकर पीटा। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोप को हिरासत में ले लिया। पुलिस अभी कुछ बोल नहीं रही है, लेकिन वायरल वीडियो में ग्रामीणों के सामने बच्चा चोर, एक बच्चे को दस हजार रुपये में बेचने की बात कहता दिखाई पड़ रहा है।