कानपुर। अब पुलिस का काम भी पब्लिक करने लगी है। जूही थानाक्षेत्र में शुक्रवार रात मोबाइल लूटकर भाग रहे तीन लुटेरों को राहगीरों ने दाैड़ाकर पकड़ लिया। पीटने के बाद पुलिस को सौंप दिया। पकड़े गए आरोपी जूही निवासी आलोक सिंह, मोहम्मद शादाब और मोहम्मद हाशिम हैं।
नौबस्ता के राजीव विहार निवासी आयुष वर्मा एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में अकाउंटेंट हैं। आयुष ने बताया कि वह रात करीब 10:30 बजे ड्यूटी करके घर लौट रहे थे। रत्तूपुरवा स्थित इंडियन पेट्रोल पंप के पास माेबाइल फोन पर बात करते हुए पैदल घर जा रहे थे। तभी पीछे से आए स्कूटी सवार तीन युवकों में से एक ने झपट्टा मारकर उनके हाथ से मोबाइल छीन लिया और भागने लगे। वह शोर मचाते हुए आरोपियों की स्कूटी के पीछे दौड़े। इस दौरान उन्हें दौड़ता देख कुछ और राहगीरों ने भी उसका पीछा किया। भागने के चक्कर में लुटेरों की स्कूटी कुछ दूरी पर जाकर फिसल गई और तीनों लुटेरे सड़क पर जा गिरे। उन्हें पकड़कर पीटा। इसके बाद तीनों आरोपियों को जूही थाने ले जाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। जूही इंस्पेक्टर मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। (संवाद)