हनुमान चालीसा पढ़ते प्रदर्शनकारी।
- फोटो : संवाद
चित्रकूट। सदर कोतवाली क्षेत्र के नींबूहापुरवा की मस्जिद में हनुमान चालीसा पढ़ने पहुंचे विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोकझोंक हो गई। पुलिस और पीएसी ने प्रदर्शनकारियों को मस्जिद में नहीं जाने दिया।
इसके बाद प्रदर्शनकारी मस्जिद के पास ही हनुमान चालीसा का पाठ कर हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए। इससे एक घंटे तक माहौल तनावपूर्ण रहा। सीतापुर पुलिस चौकी परिक्रमा मार्ग से कुछ दूरी पर बसे बिहारा गांव के नींबूहापुरवा में तीन दिन पूर्व कुछ मुस्लिम समुदाय के किशोरों ने पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाकर हिंदुस्तान के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया था। इस मामले में एक नामजद व चार अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने एक किशोर को पकड़ा है।
रविवार को विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल व भाजयुमो के कई कार्यकर्ता बाइक जुलूस निकालकर मस्जिद के पास पहुंचे। पहले से सतर्क पुलिस व पीएसी ने प्रदर्शनकारियों को मस्जिद में जाने से रोक दिया। इसे लेकर प्रदर्शनकारियों से पुलिस की कई बार नोकझोंक भी हुई। सीओ राजकमल व कोतवाल उपेंद्र सिंह ने उनको समझाया, लेकिन ये मस्जिद में हनुमान चालीसा पढ़ने की जिद कर रहे थे।
लगभग एक घंटे तक नारेबाजी हुई। बाद में प्रदर्शनकारी मस्जिद के पास ही हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया और चले गए। फिलहाल शाम तक मस्जिद के पास पीएसी तैनात रही।