घाटमपुर में राजकीय पॉलीटेक्निक की एक छात्रा को बैक पेपर में पास होने के लिए गर्लफ्रेंड बनने का प्रस्ताव दिया गया। इनकार करने पर उसको गणित विषय में फेल कर दिया गया। आरोपी ने उसके फोन पर कई नंबरों से अश्लील संदेश भी भेजे। पीड़ित छात्रा की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज की है।
महाराजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती राजकीय पॉलीटेक्निक की छात्रा है। पुलिस को दी तहरीर में छात्रा ने कहा है कि परीक्षा में उसकी पांच विषयों में बैक लग गई थी। इसके बाद उसने कापियों के दोबारा मूल्यांकन के लिए आवेदन किया था। नवंबर माह में उसके मोबाइल फोन पर एक नंबर से मैसेज आया कि पेपर में पास होना चाहती है तो उसकी गर्लफ्रेंड बनना होगा। साथ ही पांच हजार रुपये देने की मांग भी की गई।