एमएलसी कमलेश पाठक (पुलिस वैन में चढ़ते हुए)
- फोटो : amar ujala
उत्तर प्रदेश के औरैया में गैंगस्टर के आरोपियों की अवैध संपत्ति जब्तीकरण को लेकर पुलिस की ओर से अब तक सपा एमएलसी समेत चार माफिया की करोड़ों रुपये की संपत्ति का ब्यौरा जुटा लिया गया है। इन्हें जब्त करने की कार्रवाई होगी।
शासन की सख्ती के चलते गैंगस्टर, हिस्ट्रीशीटर, माफियाओं को पूरी तरह से खत्म करने को लेकर पुलिस प्रशासन ने सक्रिय अभियान शुरू कर दिया है। इसको लेकर माफिया की संपत्ति को चिंह्ति कर जब्तीकरण की दिशा में कदम उठाए जाने हैं।
जिसमें पुलिस प्रशासन ने औरैया में सपा एमएलसी कमलेश पाठक, संतोष पाठक, रामू पाठक समेत अछल्दा क्षेत्र के गांव हरनरायणपुर निवासी विपिन की संपत्ति का पूरा ब्यौरा जुटा लिया है।
सपा एमएलसी कमलेश पाठक की 36 करोड़ 17 लाख, संतोष पाठक की 9 करोड़ 75 लाख, रामू पाठक की 7 करोड़ 51 लाख 72 हजार तथा अछल्दा क्षेत्र निवासी विपिन की 62 हजार पांच सौ रुपये की संपत्ति को जब्त करने के लिए पूरा खाका तैयार कर लिया है। इस संबंध में एसपी सुनीति ने बताया कि ब्यौरा जिला प्रशासन के साथ ही शासन को भेज गया है। शासन के निर्देश के अनुसार कुर्क संबंधी आगे की कार्रवाई की जाएगी।