फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सुर, लय और ताल से सजी स्मृतियां

Sun, 27 Mar 2016 02:18 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
लाजपत भवन में ‘अमर उजाला’ और ‘स्मृति’ संस्था की ओर से 36वां मुन्नू गुरु संगीत समारोह आयोजित हुआ। इसमें गायन करतीं पद्मश्री शुभा मुद्गल और संगत करते साथी। - फोटो : amarujala
विज्ञापन
सुर, लय और ताल के संगम से सजी शाम में ऐसा रस बरसा कि तन-मन दोनों संगीत की लहरियों में डूब गए। शास्त्रीय संगीत का यह सुंदर समागम शनिवार को लाजपत भवन में देखने को मिला, जहां ‘अमर उजाला’ और ‘स्मृति’ संस्था की ओर से 36वां मुन्नू गुरु संगीत समारोह आयोजित किया गया।
विज्ञापन


इस संगीत संध्या में पद्मश्री गायिका शुभा मुद्गल और कथक नृत्य साधक पंडित रविशंकर मिश्रा और सौरव मिश्र व गौरव मिश्र ने नृत्य की सुंदर प्रस्तुति दी। समारोह में शुभा मुद्गल को ‘मुन्नू गुरु संगीत एवार्ड’ और शहर के प्रसिद्ध गायक पंडित गंगाधर राव तैलंग को ‘स्मृति संगीत एवार्ड’ से नवाजा गया। समारोह का शुभारंभ शहर के गायक अंकुर दुबे ने राग यमन में स्वरचित रचना ‘मां शारदे अमृत बागेश्वरी शत-शत नमन’ गाकर किया।

अगली कड़ी में शुभा मुद्गल ने विलंबित लय एकताल में बड़ा ख्याल ‘ऐसे शोभना के बलि-बलि जाऊं’ प्रस्तुत की। इसके बाद राग श्याम कल्याण मध्य लय में ‘पायल मोरी बाजे रे सजना’ बंदिश गाई। फागुन का रस बरसाने के लिए शुभा ने राग देस में होरी ‘रंग डारो ना’ और राग पीलू में ‘होरी खेले कन्हैया’ बंदिश गाई। श्रोताओं की फरमाइश पर उन्होंने भजन ‘अब कैसे छोड़ू नाम रट लागी, तुम चंदन हम पानी’ गाया।
विज्ञापन


इनके साथ मुंबई के तबला वादक अनीस प्रधान और पुणे के सुधीर नायक ने हारमोनियम पर संगत की। अगली प्रस्तुति में बनारस घराने के प्रसिद्ध सितार वादक डॉ. अमरनाथ मिश्रा के जुड़वा बेटे सौरव और गौरव मिश्रा ने कथक नृत्य की दमदार प्रस्तुति दी। बनारस घराने की विशिष्ट शैली का भी सुंदर मंचन किया। इनके साथ हारमोनियम पर पंडित धर्मनाथ मिश्र, तबले पर शुभ महाराज और सितार पर नीरज मिश्र संगत की।

इससे पहले संगीत संध्या का उद्घाटन मुख्य अतिथि मेयर कैप्टन जगतवीर सिंह द्रोण, विशिष्ट अतिथि डीआईजी एन.चौधरी, लखनऊ से आए सेंट्रल एक्साइज कमिश्नर अजय दीक्षित ने किया। अध्यक्षता पूर्व केंद्रीय कोयला मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल और उप परिवहन आयुक्त कानपुर परिक्षेत्र वीके सोनकिया ने की।

संस्था की 36वीं स्मारिका का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में स्मृति परिवार के राजेंद्र मिश्र (बब्बू), अध्यक्ष एपी सिंह, अरुण कुमार मिश्र (सर्वांग), विनीत मिश्रा, सुमित मिश्रा, शंकर लाल, विधायक सलिल विश्नोई, योगेंद्र मोहन गुप्त, तेज बहादुर निगम और उस्ताद अफजाल हुसैन खां आदि मौजूद रहे।  संचालन कपिल बाजपेयी और वंदना देवराय ने किया।
विज्ञापन


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें