पुलिस का दावा, बावरिया गिरोह ने वारदात को दिया था अंजाम
नोएडा में 3 महिलाओं से गैंगरेप और डकैती करने वाले पेशेवर अपराधी कन्नौज में गिरफ्तार हो गए हैं। रबूपुरा/ग्रेटर नोएडा में भाजपा नेता के ईंट भट्ठे पर 1 नवंबर की रात तीन महिलाओं से सामूहिक दुष्कर्म व डकैती के आरोपियों को कन्नौज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ग्रेनो पुलिस ने दावा किया है कि स्थानीय पुलिस टीम ने कन्नौज जाकर आरोपियों से पूछताछ की और उन्होंने भट्ठे की वारदात कबूल की है। पकड़े गए बदमाश बावरिया गिरोह के सदस्य हैं।
1 नवंबर की रात रबूपुरा के नगला कंचन (करौली बांगर) स्थित भाजपा नेता धर्मेंद्र भाटी के ईंट भट्ठे पर छह बदमाशों ने तीन अल्पसंख्यक महिलाओं से सामूहिक दुष्कर्म किया था और लूटपाट कर फरार हो गए थे। ग्रेनो पुलिस ने कई विशेष टीमें गठित कर खुलासे के लिए लगाईं गईं थीं। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी कई बार प्रदर्शन कर खुलासे की मांग की थी।
अब, पुलिस ने दावा किया है कि कन्नौज पुलिस ने बावरिया गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है और उनके छह साथी फरार हैं। गिरोह के बुलंदशहर व आसपास वारदात किए जाने की सूचना पर रबूपुरा पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में गिरोह के सदस्यों ने रबूपुरा भट्ठे की वारदात भी कबूल की है। अब, पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ व बरामदगी का प्रयास करेगी।