कानपुर। हैलट अस्पताल में नियमित और संविदा पर तैनात डॉक्टरों की प्राइवेट प्रैक्टिस की शिकायतों पर शासन ने संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। अस्पताल प्रशासन से जांच कराकर रिपोर्ट मांगी गई है। ड्यूटी के दौरान निजी क्लीनिक पर सेवाएं देने वाले संविदा डॉक्टरों और प्राइवेट प्रैक्टिस करने वाले नियमित डॉक्टरों की सूची शासन को भेजी जाएगी।
करीब एक सप्ताह पहले सुपरस्पेशलिटी ब्लॉक की ओपीडी में न्यूरोलॉजी विभाग के डॉक्टरों के ड्यूटी के दौरान निजी क्लीनिक पर प्रैक्टिस करने की शिकायत सामने आई थी। नोडल अधिकारी डॉ. मनीष सिंह ने इस मामले से प्राचार्य डॉ. संजय काला को अवगत कराया। मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद शासन ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए। प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सौरभ अग्रवाल ने बताया कि शासन से पत्र मिला है। निर्देशों के अनुसार जांच कराकर रिपोर्ट सौंपी जाएगी।