चित्रकूट में लाॅकडाउन के छठवें दिन सोमवार को मुख्यालय में विशेष सख्ती बरती गई। जिला जेल रगौली से १८ बंदियों को अंतरिम जमानत पर छोडा गया है। बाहर से आए यात्रियों को चिन्हित स्थानों में रोक कर उनकी जांच की गई। उनके भोजन का इंतजाम किया गया।
डीएम-एसपी समेत सीडीओ व सीएमओ ने लगातार जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है। जिला अस्पताल में ५० व अन्य अस्पतालों में १०० लोगों की जांच की गई। किसी में कोरोना वायरस के संक्रमण के लक्षण नहीं मिले। जिले भर में बाहर से आए लगभग चार हजार लोगों को गांव के घर में ही होम क्वारंटीन कराकर उनके घरों में नोटिस चस्पा कराई गई है।
लाॅकडाउन के छठवें दिन मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्रों में बाहर से आए व्यक्तियों की जानकारी की गई। घरों में नोटिस चस्पा कराई गई। बाहर न जाने की हिदायत दी गई। जिलाधिकारी शेषमणि पांडेय ने कहा कि 21 दिनों तक लाॅकडाउन का हर हाल में पालन किया जाए। जिससे कोरोना महामारी से निपटा जा सके। बाहर से आने वाले लोगों की सूची प्रधान व सचिव से लेकर संबंधित अधिकारी को दें।
साथ ही पूरी सावधानी अमल में लाएं। कोई भी व्यक्ति भूखा, प्यासा न रहे इसका विशेष ध्यान रखें। पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने कहा कि लाॅकडाउन का पालन न करने पर सख्त कार्यवाही होगी। धारा 144 जनपद में लागू है। लोग एक जगह एकत्र न हों। सोशल डिस्टेंस बना कर रखें। किसी प्रकार की समस्या होने पर अवगत कराएं। पुलिस व जिला प्रशासन मदद को तत्पर है।