चित्रकूट में भरतकूप थानाक्षेत्र के करारी गांव में खेत में फसल काट रही महिला के पास अचानक देशी बम फट गया। जिससे महिला गंभीर रूप से घायल होकर खेत मेें ही बेहोश हो गई। तेज धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के इलाके में अफरातफरी मची।
बेहोशी की हालत में महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बम धमाके की जानकारी पर तत्काल एक्शन में आई पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गई है। सोमवार को करारी गांव निवासी नीतू यादव (२७) पत्नी काशी प्रसाद अपने खेत में फसल काट रही थी।
शाम को अचानक खेत में पहले से ही फसल के बीच रखे बम पर हंसिये का वार हुआ तो तेज धमाका हुआ। जबतक कोई कुछ समझ पाता तबतक महिला गिरकर बेहोश हो गई। आसपास के लोग दौड़कर आए। जिसके बाद महिला को जिला अस्पताल लाया गया।
इलाज के दौरान महिला को होश आया और उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। उधर बम धमाके से पुलिस सतर्क हो गई। भरतकूप थाने की पुलिस टीम गांव पहुंची और फटे बम के टुकडे व अन्य सामग्री को बरामद किया। ग्रामीणों ने बताया कि यह देशी बम है जो अक्सर शिकारी जानवरों का शिकार करने के लिए खेतों के बीच रखते हैं।
जैसे ही जानवर खेत में घुसकर फसल खाते हैं तो बम उनके मुंह में फट जाता है। इसके बाद वह जानवर को ले जाते हैं। थानाध्यक्ष संजय उपाध्याय ने बताया कि कोई शक्तिशाली बम नहीं था। यह जानवरों का शिकार करने वाले ही रखते हैं। इसकी जानकारी की जा रही है। ग्रामीणों से पूंछताछ की जा रही है।