कानपुर देहात/रूरा। अकबरपुर की अधिवक्ता समिति में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आजीवन मानद सदस्य हैं। उनकी सांसद निधि से तहसील परिसर में लाइब्रेरी भवन बना है। पूर्व सांसद के तौर पर उन्होंने लाइब्रेरी भवन का लोकार्पण भी किया था।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने वर्ष 1977 से 1979 तक पहले दिल्ली हाईकोर्ट व 1980 से 1993 तक सुप्रीम में कोर्ट में वकालत की। उनका जिले से गहरा लगाव रहा है। राज्यसभा सांसद रहते हुए उन्होंने अधिवक्ताओं की मांग पर अकबरपुर तहसील परिसर में लाइब्रेरी भवन के लिए तीन लाख रुपये अपनी निधि से दिए थे। बाद में 17 नवंबर 2012 को पूर्व सांसद के तौर पर उन्होंने लाइब्रेरी भवन का लोकार्पण किया था।
अकबरपुर अधिवक्ता समिति के पूर्व अध्यक्ष विनोद कुमार सक्सेना ने बताया कि लाइब्रेरी भवन नहीं होने से कानून की पुस्तकों का रखरखाव मुश्किल होता था। राज्यसभा सांसद रहते हुए रामनाथ कोविंद ने लाइब्रेरी भवन के लिए निधि दी थी। उनके योगदान पर अकबरपुर अधिवक्ता समिति में उन्हें आजीवन मानद सदस्य बनाया गया है।
स्टेशन रोड पर इंटरलॉकिंग का काम शुरू
कानपुर देहात। रूरा के बजरंग नगर की ओर करीब दो सौ मीटर लंबाई में स्टेशन रोड पर इंटरलॉकिंग का काम शुरू कराया गया है। बुधवार को ईंटों से मार्ग के किनारे बनाए गए।
स्टेशन रोड कच्चा होने से बारिश में फिसलन हो जाती थी। इधर राष्ट्रपति के आगमन का कार्यक्रम तय है। पिछले दिनों भ्रमण पर आए रेलवे जीएम विनय कुमार त्रिपाठी ने स्टेशन रोड दुरुस्त कराने के निर्देश दिए थे। बुधवार को बजरंग नगर की तरफ फुटओवर ब्रिज के पास से करीब दो सौ मीटर लंबाई में सड़क के किनारों पर ईंट की एजिंग बनाई गई।
करीब तीन मीटर चौड़ाई में इंटरलॉकिंग बिछाई जाएगी। यह काम दो दिन में पूरा कराने का लक्ष्य है। हालांकि इंटरलॉकिंग केवल पंप हाउस तक बनाई जा रही है। आगे का रास्ता भी खराब है। स्थानीय सुरेश, कमलेश व राजेश आदि ने शेष सड़क डामरीकृत बनाने की मांग की है।