फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: ननिहाल आते-जाते संगीता से एकतरफा मोहब्बत कर बैठा था प्रेमचंद्र, मां बोली- बेटी को डोली…अर्थी बनानी पड़ी

Wed, 14 May 2025 06:38 AM IST
हिमांशु अवस्थी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हरदोई

सार

Hardoi Crime News: मृतका के पिता नौरंग ने बताया कि आरोपी प्रेमचंद्र पहले भी एक बार उनकी बेटी की शादी तुड़वा चुका था। इस बार भी शादी तय होने की भनक प्रेमचंद्र को सोमवार को ही लगी। इस बार उसने संगीता की जान ही ले ली।
विज्ञापन
मृतका संगीता की फाइल फोटो - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Hardoi Student Murder: हरदोई जिले के मल्लावां कस्बे में एकतरफा प्रेम में युवक ने डीएलएड छात्रा को जबरन घर से ले जाने की कोशिश की। छात्रा ने शोर मचाया तो युवक ने छात्रा के सीने में गोली मारकर हत्या कर दी। बाबटमऊ के मजरा नई बस्ती जरेरा में हुई इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने युवक और उसके चचेरे भाई के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

विज्ञापन

बाबटमऊ के मजरा नई बस्ती जरेरा निवासी नौरंग राजपूत की पुत्री संगीता राजपूत (24) डीएलएड प्रथम वर्ष की छात्रा थी। उनकी शादी बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के अजमतनगर ठठिया निवासी माया प्रकाश से तय हुई थी। बृहस्पतिवार को बरात आनी थी। सोमवार रात वह मां लक्ष्मी और छोटी बहन साधना के साथ छत पर सोई थी।

सीने में गोली मारकर की हत्या
आधी रात के बाद लगभग तीन बजे कन्नौज के शहर कोतवाली क्षेत्र के बद्दापुरवा निवासी प्रेमचंद्र अपने चचेरे भाई के साथ संगीता के मकान की छत पर पीछे की दीवार के सहारे चढ़ गया। मां लक्ष्मी के मुताबिक संगीता को उसने छत से खींचकर ले जाने की कोशिश की। लक्ष्मी ने शोर मचाया तो प्रेमचंद्र उसे खींचकर जीने में ले जाने लगा और वहीं तमंचे से संगीता के सीने में गोली मारकर हत्या कर दी।

रोते बिलखते परिजन - फोटो : amar ujala
आरोपियों की तलाश में जुटी है पुलिस
इसके बाद प्रेमचंद्र अपने चचेरे भाई के साथ मौके से भाग निकला। फायरिंग की आवाज सुनकर परिजन भी जाग गए। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर सीओ बिलग्राम रवि प्रकाश सिंह, थानाध्यक्ष मल्लावां बालेंद्र मिश्रा भी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके का जायजा लेकर जरूरी नमूने जुटाए। एसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

एक बार तुड़वा दी थी शादी, इस बार जान ही ले ली
मृतका के पिता नौरंग घटना के बाद बदहवास हो गए। उन्होंने बताया कि आरोपी प्रेमचंद्र पहले भी एक बार उनकी बेटी की शादी तुड़वा चुका था। उनका कहना है कि पिछले साल उसने संगीता की शादी सांडी थाना क्षेत्र के नीभापुरवा गांव में तय की थी। शादी के कार्ड भी बांट दिए थे। इसी दौरान प्रेमचंद्र ने लड़के वालों को भड़का दिया और दुष्प्रचार कर शादी तुड़वा दी। इस बार भी शादी तय होने की भनक प्रेमचंद्र को सोमवार को ही लगी। इस बार उसने संगीता की जान ही ले ली।

घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीण - फोटो : amar ujala
ननिहाल आते-जाते संगीता से एक तरफा मोहब्बत कर बैठा था प्रेमचंद्र
कन्नौज जनपद के बद्दापुरवा गांव में संगीता का ननिहाल है। ननिहाल आने-जाने के दौरान संगीता को वहीं के रहने वाले प्रेमचंद्र ने देखा था। मृतका के पिता नौरंग के मुताबिक लगभग दो साल से प्रेमचंद्र लगातार संगीता का पीछा कर रहा था और उसे परेशान करता था। संगीता ने इसकी शिकायत परिजनों से की थी। परिजनों ने भी प्रेमचंद्र को काफी समझाया था, लेकिन वह नहीं माना। ग्रामीणों का कहना है कि प्रेमचंद्र एकतरफा मोहब्बत करता था और इसी के चलते उसने घटना को अंजाम दिया।

बेटी को डोली पर बैठाना था, अर्थी बनानी पड़ी
बृहस्पतिवार को संगीता की बरात आनी थी। इसकी तैयारियां जोर शोर से चल रही थीं। बुधवार को घर के आंगन में मंडप लगाया जाना था। कई रिश्तेदार आ चुके थे। इसी बीच मंगलवार सुबह हुई घटना से सब कुछ उलट गया। पिता नौरंग यही कह रहे थे कि बिटिया को डोली पर बैठाना था और अब अर्थी बनानी पड़ रही है।

सड़क पर जाम लगाए महिलाओं को समझाती पुलिस - फोटो : amar ujala
सड़क पर महिलाओं ने लगाया जाम
छात्रा की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिजन और ग्रामीण भड़क गए। इन लोगों ने शाम साढ़े छह बजे बिलग्राम कन्नौज मार्ग पर जरेरा गांव के पास शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। जानकारी पर सीओ आरपी सिंह और एसओ बालेंद्र मिश्रा मौके पर पहुंचे। परिजन हत्यारोपी की गिरफ्तारी और तत्काल ही उसका घर गिरवाने की मांग पर अड़ गए।
विज्ञापन

एक घंटे बाद माने परिजन और तब जाम खुला
जाम लगने स सड़क के दोनों ओरवाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने कन्नौज की तरफ से आने वाले वाहनों को मेंहदीघाट से मल्लावां की ओर, जबकि बिलग्राम की ओरसे आने वाले वाहनों केा तेरवाकुल्ली चौराहा से राघौपुर की तरफ भेजा गया। सीओ के समझाने पर लगभग एक घंटे बाद परिजन माने और तब जाम खुला।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें