कानपुर। पहले से महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों को एक और बड़ा झटका लगा है। तेल कंपनियों ने घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलिंडर के दाम में 60 रुपये की वृद्धि कर दी है। नई दरें सात मार्च से लागू हो गई हैं। इस फैसले का सीधा असर कानपुर जिले के करीब 13 लाख उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। साथ ही 15 दिन में मिलने वाला दूसरा सिलिंडर अब 25 दिन में मिलेगा। यही नहीं, अगर बुकिंग पहले कराई है तो भी डिलीवरी के समय बढ़े रेट पर सिलिंडर मिलेगा।
लगातार बढ़ती महंगाई के बीच रसोई गैस महंगी होना आम परिवारों के लिए बड़ा झटका है। शुक्रवार देर रात केंद्र सरकार ने 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलिंडर की कीमत 868 रुपये से 928 रुपये कर दी है। काॅमर्शियल सिलिंडर भी 114 रुपये महंगा कर दिया है। 1790 रुपये में मिलने वाला सिलिंडर अब 1905 रुपये में मिलेगा। इससे होटल, ढाबे और छोटे खाने-पीने के कारोबारियों पर भी अतिरिक्त बोझ बढ़ेगा। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर युद्ध नहीं थमा तो दामों में और उतार-चढ़ाव आने की संभावना है।
पिछले करीब 11 महीनों में यह दूसरी बार है जब घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले अप्रैल 2025 में 50 रुपये की वृद्धि की गई थी। सिलिंडर के दाम बढ़ने से उज्ज्वला योजना की 1.95 लाख महिला लाभार्थियों पर भी असर पड़ेगा। सब्सिडी मिलने के बावजूद उन्हें पहले पूरी कीमत चुकानी पड़ती है।
एलपीजी वितरक संघ के संरक्षक भारतीष मिश्रा ने बताया कि गैस एजेंसियों ने साफ किया है कि यदि किसी उपभोक्ता ने पहले से सिलिंडर की बुकिंग करा रखी है, तब भी उसे डिलीवरी के दिन लागू नई कीमत ही चुकानी पड़ेगी। यानी जिन उपभोक्ताओं ने पुरानी दर पर बुकिंग कराई थी, उन्हें भी अब महंगे सिलिंडर का भुगतान करना होगा।
गैस वितरण में अभी तक जिले में किसी तरह की कोई समस्या सामने नहीं आई है। बढ़ी हुईं दरें लागू कर दी गई हैं। उपभोक्ताओं को गैस मिलती रहेगी। किसी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। -राकेश कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी