झींझक। कठिका पारेषण केंद्र से झींझक विद्युत उपकेंद्र आने वाली 33केवी लाइन में फाल्ट आने के कारण करीब आठ घंटे तक झींझक नगर समेत करीब सौ गांवों की बिजली सप्लाई ठप रही। वही मिंडाकुआ उपकेंद्र की लाइन में फाल्ट होने से 60 गांवों की सप्लाई बाधित रही। फाल्ट ठीक होने के बाद सप्लाई बहाल हो सकी।
कठिका पारेषण केंद्र से झींझक विद्युत उपकेंद्र आने वाली 33 केवी विद्युत लाइन में फाल्ट आने के कारण दोपहर एक बजे झींझक नगर पालिका समेत खम्हैला, कमलाबाग, नासरसेड़ा, झलवा, बाबूपुरवा, जुरिया, जलिहापुर समेत सौ गांवों की बिजली सप्लाई बाधित हो गई। बिजली कर्मियों के फाल्ट ठीक करने के बाद शाम आठ बजे बिजली सप्लाई बहाल हो सकी।
इस बीच भीषण गर्मी से लोग परेशान रहे। वहीं कठिका पारेषण केंद्र से मिंडाकुआ विद्युत उपकेंद्र आने वाली 33 केवी लाइन में शुक्रवार की रात करीब 01:30 बजे फाल्ट आ गया। इससे मलगांव, जैतीपुर, बहादुरपुर, मिंडाकुआ समेत 60 गांवों की बिजली सप्लाई बाधित हो गई।
बिजली कर्मियों के फाल्ट ठीक करने के बाद शनिवार की शाम 06:30 बजे 18 घंटे बाद सप्लाई बहाल हो सकी। एसडीओ झींझक मनीष वर्मा ने बताया कि फाल्ट के कारण सप्लाई बाधित हुई थी। लाइनमैनों के फाल्ट ठीक करने पर सप्लाई बहाल करा दी गई है।