दो दिनों से दो विद्युत उपकेंद्रों शिवली व शोभन से आपूर्ति ठप पड़े रहने से 80 गांवों की बिजली गुल है। बिजली आपूर्ति ठप रहने से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
खास बात यह है कि मंगलवार देरशाम तक बिजली विभाग फाल्ट तक नहीं खोज पाया था। कानपुर नगर और देहात के गांवों के 80 गांवों में सोमवार से बिजली सप्लाई एकाएक ठप्प हो गई।
मंगलवार को भी बिजली सप्लाई शुरू नहीं हो सकी। बिजली ठप रहने से शिवली में ग्रामीणों को हैंडपाइपों पर लाइन लगाकर पानी भरना पड़ रहा है। मंगलवार की शाम तक बिजली विभाग के कर्मचारी फाल्ट तक नहीं खोज पाए थे।
शिवली और शोभन बिजली घर कानपुर नगर के चौबेपुर खंड से जुड़े हुए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारियों की लापरवाही से समय से फाल्ट ठीक नहीं हो पाते हैं। परेशानी ज्यादा बढ़ जाती है।
ग्रामीण विमलेश अग्निहोत्री सभासद, कांग्रेस के जिला महामंत्री रामप्रकाश दीक्षित, भाजपा नेता अरविंद त्रिवेदी, वीरेंद्र अग्निहोत्री, मनी तिवारी, मनीष सैनी, महेश पांडेय, रीता अवस्थी ने कहा कि आए दिनों बिजली फाल्ट के चलते गायब रहती है।
अधिकारियों की मनमानी भारी पड़ रही है। दोनों सब स्टेशनों के 80 गांवों के पढ़ने वाले बच्चों और किसानों को ज्यादा परेशानी होती है। इधर, उपकेंद्र के जेई राजेश प्रसाद ने कहा कि फाल्ट ढूंढा जा रहा है।