फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: एटीएस हेड बनकर फिटनेस के नाम पर अतिरिक्त वसूली

Fri, 09 Oct 2026 01:09 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर देहात। जनपद में वाहनों की फिटनेस के लिए गौरियापुर में एटीएस (ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन) संचालित हैं। इसके अलावा करीब पांच महीने पहले जैनपुर के पास एक नया एटीएस खोला गया है। नए खुले एटीएस पर भी बाहरी व्यक्तियों का दखल होने लगा है। यहां फिटनेस के लिए आने वाले वाहन स्वामियों से वह खुद को एटीएस हेड बताकर बात करते हैं और कम खर्च में काम कराने के नाम पर तय फीस से अतिरिक्त रुपये वसूले जा रहे हैं।
विज्ञापन

शासन ने व्यावसायिक वाहनों की फिटनेस का जिम्मा एआरटीओ कार्यालय से अलग एटीएस को सौंप दिया है। इसका उद्देश्य वाहन स्वामियों को बाहरी व्यक्तियों के मकड़ जाल से मुक्ति दिलाना था लेकिन जनपद में संचालित दोनों एटीएस पर बाहरी लोग सक्रिय हैं। वे वाहनों की फिटनेस की निर्धारित फीस से अधिक वसूल रहे हैं और पास कराने का दावा कर रहे हैं। स्थिति यह है कि परिवहन विभाग ने हल्के वाहनों के लिए ऑनलाइन फीस 908 रुपये तय कर रखी है लेकिन गौरियापुर एटीएस में वाहन स्वामियों से 8000 तक की वसूली की जा रही है। वहीं जैनपुर में वहां से कम दर में काम कराने की बात कहकर तीन से चार हजार रुपये तक लिए जा रहे हैं।
वहीं, अगर भारी वाहनों की बात करें तो शासन की तरफ से 1380 रुपये ऑनलाइन फीस निर्धारित है लेकिन इसकी जगह 10 से 12 हजार रुपये तक ले रहे हैं। संवाद न्यूज एजेंसी की टीम बृहस्पतिवार को जैनपुर स्थित एटीएस पहुंची। वहां सेंटर के बाहर खड़े एक व्यक्ति से बातचीत करते हुए खुद को वाहन स्वामी बताकर फिटनेस के लिए आने की बात कही। थोड़ी देर तक इधर-उधर की बात करते हुए वह मुद्दे पर आया और 3000 रुपये के टैंकर की फिटनेस कराने का दावा किया। सेंटर में बने कार्यालय में जाने पर जानकारी की गई तो पता चला कि एटीएस हेड उत्तराखंड गए हुए हैं। बाहर मिलने वाला व्यक्ति एटीएस से संबंधित नहीं है।
विज्ञापन

................
बाहरी व्यक्ति के मुआयने के बाद होती है फिटनेस
जैनपुर हो या फिर गौरियापुर एटीएस दोनों ही जगह पर फिटनेस के लिए आने वाले वाहनों के स्वामियों को एटीएस के विषय में ज्यादा जानकारी न होने का बाहरी व्यक्ति फायदा उठाते हैं। जबकि कुछ वाहन स्वामी भी जल्दी काम कराने के चक्कर में उनसे संपर्क करते हैं। सेंटर में फिटनेस के लिए वाहनों के जाने से पहले वह मुआयना करते हैं और खामियों को बताकर अतिरिक्त शुल्क जोड़ लेते हैं। ऐसे में वाहन स्वामियों को फिटनेस में वाहन फेल न हो, इसके लिए अतिरिक्त खर्च झेलना पड़ता है। कानपुर नगर के जाजमऊ से जैनपुर एटीएस में आए आदर्श पाल ने बताया कि वाहन में पीछे एचएसआरपी न होने से फिटनेस फेल हो रही थी, लेकिन कैंटीन के पास खड़े व्यक्ति ने दो हजार रुपये अतिरिक्त लेकर पास करा दी है।
................
गाड़ी भले हो साफ, वॉशिंग का पड़ेगा शुल्क
गौरियापुर एटीएस में निजी बस की फिटनेस कराने के लिए औरैया से आए राजेंद्र यादव ने बताया कि फिटनेस के लिए निर्धारित फीस के अतिरिक्त खर्च करना मजबूरी है। कोई न कोई कमी बताकर वाहन को फेल कर दिया जाए, इससे अच्छा तो यही है कि अगर कोई व्यक्ति अतिरिक्त खर्च लेकर काम करा दे। हालांकि बस को यहां लाने से पहले धुलवाया था लेकिन उन्हें बाहरी व्यक्ति ने बताया कि वॉशिंग फीस तो पड़ेगी ही, चाहे साफ हो या नहीं।
................
बयान....
फिटनेस के लिए आने वाले वाहनों के स्वामियों को ही अंदर आने की अनुमति है। इसके अलावा किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर पूरी तरह रोक। किसी भी व्यक्ति से निर्धारित फीस ही ली जाती है, अगर कोई बाहरी व्यक्ति अतिरिक्त खर्च लेकर फिटनेस पास कराने के दावा करता है, उसकी शिकायत करें। संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - रमेश कांडवाल, एटीएस हेड, जैनपुर
विज्ञापन

................
यह निर्धारित है फिटनेस की फीस
वाहन - ऑनलाइन फीस - फिटनेस समाप्त होने पर फीस
हल्के व्यावसायिक वाहन - 908 - 1508
भारी व्यावसायिक वाहन - 1380 - 2380
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें