छात्र 21 जून से 25 जून के बीच प्रवेश फार्म जमा करवा पाएंगे।
कानपुर। यूपी और उत्तराखंड में पॉलिटेक्निक की पढ़ाई का क्रेज बढ़ा है। अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) ने जिन 119 तकनीकी, प्रबंधन संस्थानों को सत्र 2016-17 से मान्यता दी है, उनमें ज्यादातर पॉलिटेक्निक हैं। 55 सरकारी पॉलिटेक्निक को भी मान्यता मिली है।
डिप्लोमा की पढ़ाई का महत्व बढ़ गया है। इसी का नतीजा है कि पॉलिटेक्निक के एक, दो और तीन वर्षीय कोर्स खोले जा रहे हैं। इस बार यूपी, उत्तराखंड और बिहार के 67 सरकारी तकनीकी, प्रबंधन संस्थानों को मान्यता मिली है। इसमें से 55 सरकारी पॉलिटेक्निक हैं। इंजीनियरिंग के 10, मैनेजमेंट (एमबीए) का एक और एममसीए का एक संस्थान शामिल है। 27 सरकारी पॉलिटेक्निक सिर्फ यूपी में खुले हैं। इससे करीब पांच हजार सीटें बढ़ गई हैं।
संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद के सचिव एफआर खान ने बताया कि यूपी के 128 सरकारी, 19 अनुदानित और 350 निजी पॉलिटेक्निक में फर्स्ट ईयर की 1.30 लाख सीटें हैं। इन पर एडमिशन के लिए प्रवेश परीक्षा हुई, जिसमें पांच लाख स्टूडेंट शामिल हुए हैं। यह बड़ी संख्या होती है। इसके विपरीत डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एकेटीयू) से संबद्ध इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट कॉलेजों में एडमिशन की प्रवेश परीक्षा में बमुश्किल तीन लाख स्टूडेंट शामिल हुए थे। यूपी में इन कोर्सों की करीब दो लाख सीटें हैं।
60 फीसदी ने छोड़ी बीएड काउंसलिंग
कानपुर (ब्यूरो)। बीएड 2016-17 की ऑनलाइन काउंसलिंग बुधवार को 60 फीसदी स्टूडेंटों ने छोड़ दी। कानपुर यूनिवर्सिटी सहित यूपी के 32 केंद्रों पर 11 हजार स्टूडेंटोें को काउंसलिंग कराना था लेकिन 4909 स्टूडेंटों ने ही शैक्षिक दस्तावेजों का सत्यापन कराया। यह समस्या बीएड का महत्व कम होने से हुआ है। अब स्टूडेंटों का सारा फोकस बीटीसी की पढ़ाई पर है। बीएड काउंसलिंग का तीसरा दिन भी फीका रहा। कानपुर यूनिवर्सिटी कैंपस के यूआईईटी-3, कंप्यूटर सेंटर और लैंग्वेज लैब काउंसलिंग केंद्र पर पर्याप्त स्टूडेंट नहीं पहुंच सके। लैंग्वेज लैब में 352 स्टूडेेंटों को आना था लेकिन 178 ही आए। ज्यादातर केंद्रों पर सन्नाटा पसरा रहा। काउंसलिंग प्रभारी डॉ. संदीप सिंह ने बताया कि 6, 7 और 8 जून को काउंसलिंग कराके सीटों का विकल्प लॉक करने वाले स्टूडेंटों को गुरुवार को एलाटमेंट लेटर दिया जाएगा। 10 हजार रैंक तक के स्टूडेंटों को अनुदानित कॉलेजों में एडमिशन मिल सकता है। इसका विस्तृत ब्योरा एलाटमेंट लेटर के साथ जारी होगा। अब तक 26,000 हजार स्टूडेंटों की काउंसलिंग हो चुकी है। ऑनलाइन काउंसलिंग 25 जून तक चलेगी। इस दौरान दो लाख से ज्यादा स्टूडेंटों के शैक्षिक दस्तावेजों का सत्यापन होगा। 30 जून से पहले एडमिशन प्रक्रिया पूरी की जानी है। जुलाई के पहले सप्ताह से पठन-पाठन का काम शुरू होगा।