कानपुर। राजकीय पॉलिटेक्निक का कैंपस प्लेसमेंट 4.21 प्रतिशत बढ़ गया है। वर्ष 2024-25 मेंं कैंपस प्लेसमेंट 90.84 प्रतिशत था, जबकि 2025-26 में 95.04 प्रतिशत हो गया। प्रधानाचार्य ने शिक्षकों और छात्रों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि संस्थान के 95 फीसदी से अधिक छात्रों को नौकरी मिल जाती है। बाकी के छात्र बीटेक या अन्य तकनीकी शिक्षा हासिल करने लगते हैं।
प्रधानाचार्य डॉ. अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि जरूरत के मुताबिक हर विभाग के कोर्स को अपडेट किया गया है। इससे उद्योगों की जरूरत पूरी हो रही है। वर्ष 2025-26 में 503 छात्र-छात्राएं प्लेसमेंट में शामिल हुए, जिनमें से 475 को नौकरी मिल गई। वहीं वर्ष 2024-25 मेंं 546 छात्र-छात्राओं में से 496 को नौकरी का अवसर मिला। प्लास्टिक एवं मोल्ड टेक्नोलॉजी के छात्र-छात्राओं का लगातार दो साल कैंपस प्लेसमेंट शत-प्रतिशत रहा, जबकि इस ट्रेड की सीटें कम भर सकीं। प्लास्टिक और दूसरे उद्योगों में इस ट्रेड की मांग अधिक है। छात्रों को इसकी जानकारी नहीं है, जिससे ट्रेड में कम प्रवेश हो रहे हैं। मेकेनिकल ऑटो, पेंट टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रोनिक्स, टेक्सटाइल केमिस्ट्री आदि में कैंपस प्लेसमेंट 90 फीसदी से अधिक रहता है।