कानपुर देहात। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में सोमवार को जिले के 12 लाख 21 हजार 796 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य के पदों पर चुनाव कराने के लिए सभी 1943 बूथों पर पोलिंग पार्टियां पहुंच गई हैं। सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो जाएगा। पोलिंग पार्टियों की रवानगी के दौरान कोविड प्रोटोकॉल तार-तार हो गया। सामाजिक दूरी के नियम का अनुपालन नहीं हो सका।
जिले के सभी दस ब्लाकों के 618 प्रधान, 7851 ग्राम पंचायत सदस्य, 757 क्षेत्र पंचायत सदस्य व 32 जिला पंचायत सदस्यों के लिए सोमवार की सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो जाएगा। सभी ब्लाकों में बनाए गए केंद्रों से पोलिंग पार्टियों की रवानगी कर दी गई। रविवार की सुबह दस बजे के बाद से कर्मचारी रवानगी स्थल पर पहुंचने लगे थे। पीठासीन अधिकारियों को सभी चारों पदों के मतपत्र आवंटित मतदाताओं की संख्या के अनुसार उपलब्ध कराए गए। ज्यादातर पोलिंग पार्टियां सामग्री लेने के बाद दोपहर से पहले आवंटित मतदान केंद्रों के लिए निकलना शुरू हो गई थीं। शाम तीन बजे तक सभी पोलिंग पार्टियां निकल गईं। प्रत्येक बूथ पर शाम तक पोलिंग पार्टियां पहुंच गईं। ड्यूटी पर तैनात 160 सेक्टर मजिस्ट्रेट ने पोलिंग पार्टियों की उपस्थिति का सत्यापन कर लिया। हर पोलिंग पार्टी में चार कर्मचारी हैं। इसमें कम से कम एक महिला कर्मचारी शामिल की गई है। पोलिंग पार्टियों को मास्क व सैनिटाइजर उपलब्ध कराया गया है। पोलिंग पार्टी की रवानगी के दौरान कोविड प्रोटोकॉल तार-तार हो गया। भीड़ में कर्मचारी एक दूसरे के साथ जद्दोजहद करते नजर आए।
सामाजिक दूरी का पालन नहीं हो सका। ज्यादातर कर्मचारी मास्क लगाए नजर आए। अकबरपुर, सरवनखेड़ा, मैथा समेत सभी ब्लाकों में जाकर जिला निर्वाचन अधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, एसपी केशव कुमार चौधरी समेत अन्य अफसरों ने पोलिंग पार्टी के रवानगी व्यवस्था देखी। अकबरपुर डिग्री कालेज में पोलिंग पार्टियों की रवानगी के दौरान बस में सवार होने के लिए मतदान कार्मिकों को धूप में इंतजार करना पड़ा।
सांस लेने में दिक्कत होने पर कटी चुनाव ड्यूटी
संवाद न्यूज एजेंसी
सरवनखेड़ा। ब्लाक के कंचन सिंह भूली देवी महाविद्यालय से पोलिंग पार्टियों रवानगी की गई। ड्यूटी कटवाने में बुखार व कोरोना के लक्षण बताकर कर्मचारी अधिकारियों से गिड़गिड़ाते नजर आए। पोलिंग पार्टी पूरी न होने से एक पीठासीन अधिकारी राजेंद्र सिंह गुस्से में दिखे। उन्होंने बीडीओ से कहा कि दो घंटे से टीम पूरी नहीं हो पा रही है। सहाबापुर प्राथमिक विद्यालय की सहायक अध्यापक रेनु गुप्ता ने बुखार व सांस लेने में दिक्कत की बात रोते हुए बताई। उनकी स्थिति को देखकर ड्यूटी से मुक्त कर दिया गया। संदलपुर डेरापुर के प्राथमिक विद्यालय की शिक्षक ज्योति खन्ना ने कोरोना के लक्षण बताकर व डॉक्टरी पर्चा दिखाकर रिलीव करने की मांग की। उन्हें इंतजार करने के लिए कहा गया। प्राथमिक विद्यालय जोगीपुर के शिक्षक ने वायरल फीवर बता ड्यूटी से असमर्थता जताई।
मैथा में एडीएम प्रशासन ने देखी व्यवस्था
शिवली। मैथा के सार्वजनिक इंटर कालेज से पोलिंग पार्टियों को रविवार दोपहर रवाना कर दिया गया। मैथा में 227 मतदान केंद्रों के लिए 227 मतदान पार्टियां रवाना की गई। पोलिंग पार्टियों को एसडीएम रामशिरोमणि ने हरी झंडी दिखाई। एडीएम प्रशासन पंकज वर्मा ने पोलिंग पार्टियों के रवानगी का निरीक्षण किया।
एक हजार लोगों को पुलिस का रेड कार्ड
मतदान से 24 घंटे पहले पुलिस ने एक हजार लोगों को रेड कार्ड जारी कर दिया है। इन पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। साथ ही उनके गांवों में कोई भी गड़बड़ी होने पर पुलिस उनकी तलाश पहले करेगी। बिना किसी विवाद के चुनाव के दौरान ऐसे लोगों की पुलिस निगरानी करती रहेगी। संबंधित थाने की पुलिस के पास रेड कार्ड जारी किए जाने वाले हर व्यक्ति का विवरण मौजूद है। वह तत्काल ऐसे लोगों की गिरफ्तारी में मदद करेगी।
चुनाव सामग्री का मिलान करते मतदान कार्मिक।- फोटो : AKBARPUR
अकबरपुर में पास-पास बैठकर चुनाव सामग्री का मिलान करते मतदान कार्मिक।- फोटो : AKBARPUR