कानपुर। बिना अनुमति के ड्यूटी से गैरहाजिर रहने वाले पुलिसकर्मियों पर अब लाइनहाजिर से लेकर निलंबन तक की कार्रवाई की जाएगी। संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध एवं मुख्यालय ने इस बाबत सर्कुलर जारी किया है।
बता दें कि महाकुंभ की ड्यूटी पर प्रयागराज गए 53 पुलिसकर्मी लंबे समय तक ड्यूटी पर नहीं लौटे। खबर प्रकाशित होने के बाद मामला चर्चा में आया तो विभाग ने इन कर्मचारियों के बारे में पता लगाया। जांच में सामने आया कि ये सभी बिना अनुमति अनुपस्थित चल रहे थे।
जेसीपी आशुतोष कुमार के अनुसार नए आदेशों के अनुसार यदि कोई अराजपत्रित अधिकारी या कर्मी बिना सूचना दिए गैरहाजिर होगा तो लौटने पर उसे रिजर्व पुलिस लाइन में आमद करानी होगी। यदि कोई अराजपत्रित अधिकारी या पुलिसकर्मी बिना सूचना सात दिन या इससे ज्यादा गैर हाजिर रहेगा तो उसे निलंबित किया जाएगा। यह आदेश ट्रैफिक विभाग पर भी लागू होगा।